लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में दलित संगठनों ने जालंधर बाईपास चौक के पास जालंधर-पानीपत नेशनल हाईवे जाम कर दिया है। पहले उन्होंने चौक पर जाम लगाया, इसके बाद हाईवे पर आ गए। इससे हाईवे पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई है। जाम की वजह से जालंधर और लुधियाना के बीच की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है। लुधियाना ईस्ट के तहसीलदार अंग्रेज सिंह उनसे बात करने पहुंचे हैं।

यह प्रदर्शन हरियाणा के IPS वाई पूरन कुमार सुसाइड केस को लेकर किया जा रहा है। दलित संगठनों की मांग है कि इस मामले में जिन अफसरों के नाम IPS ने सुसाइड नोट में दिए थे, उन सभी को गिरफ्तार किया जाए। इस दौरान वह हरियाणा की सरकार और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।
प्रदर्शन में पहुंचे भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज (भावाधस) के नेता चौधरी यशपाल ने कहा कि इस चक्का जाम के दौरान एम्बुलेंस, स्कूल बसों समेत दूसरी सभी इमरजेंसी सेवाओं को नहीं रोका जाएगा।









