CBI ने गुरुवार (16 अक्टूबर) को हरचरण सिंह भुल्लर को मोहाली में उनके ही ऑफिस से रिश्वत के केस में अरेस्ट किया था। CBI ने पूरी फील्डिंग लगाकर DIG को अरेस्ट किया। जब DIG के बिचौलिए ने चंडीगढ़ के सेक्टर 21 में स्क्रैप कारोबारी आकाश बत्ता से रिश्वत ली तो CBI ने उससे डीआईजी को कॉल कराई।
बिचौलिए ने कहा कि रिश्वत के 8 लाख मिल गए हैं। इसके बाद DIG ने बिचौलिए और कारोबारी को रिश्वत की रकम समेत अपने मोहाली ऑफिस आने को कहा। इसके बाद CBI भी दोनों के साथ ऑफिस पहुंच गई। DIG ने जैसे ही रिश्वत की रकम ली तो CBI ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद DIG को सीक्रेट लोकेशन पर ले गए।
वहीं चंडीगढ़ और दिल्ली की CBI टीमों ने तुरंत DIG के सभी ठिकानों पर रेड कर दी। डीआईजी की चंडीगढ़ सेक्टर 40 की कोठी से 5 करोड़ से ज्यादा कैश, डेढ़ किलो सोने के गहने, लग्जरी घड़ियां, गाड़ियां, प्रॉपर्टी के दस्तावेज, पिस्टल-रिवॉल्वर और विदेशी शराब तक मिली।








