जालंधर। जालंधर रोडवेज डिपो के ड्राइवर जगजीत की कुराली में रॉड मारकर की गई हत्या से कच्चे मुलाजिमों की यूनियन में रोष है। इसके चलते जालंधर रोडवेज डिपो के ड्राइवरों-कंडक्टरों ने रोडवेज बसें रोक दी हैं। बसों को डिपो के अंदर लगाया गया है। पंजाब रोडवेज में काम करते कच्चे मुलाजिमों की यूनियन के सीनियर मीत प्रधान चानण सिंह का कहना है कि अगर सरकार ने जगजीत सिंह के परिवार को सरकारी नौकरी और एक करोड़ रुपए की सहायता देने का ऐलान न किया तो गुरुवार सुबह 10 बजे के बाद पूरे पंजाब के सभी 27 डिपो की रोडवेज बसें रोक दी जाएंगी।


बुधवार शाम से बंद है रोडवेज बस सर्विस
जालंधर के रोडवेज डिपो के कच्चे कर्मचारियों ने बुधवार शाम 5 बजे के करीब बसों को डिपो के अंदर लगाकर धरना शुरू कर दिया था। रोडवेज कर्मचारी यूनियन के चानण सिंह ने बताया कि सरकार ने मृतक ड्राइवर के लिए किसी तरह के मुआवजे का आश्वासन नहीं दिया है। ऊपर से कच्चे मुलाजिमों की इंश्योरेंस स्कीम को भी बंद कर दिया है। मुलाजिम जगजीत सिंह शादीशुदा थे और उनके दो बच्चे हैं। ऐसी स्थिति में उनका परिवार किस तरह गुजारा करेगा?

न्याय न मिला तो डेडबॉडी रोड पर रख करेंगे प्रदर्शन
पंजाब रोडवेज जालंधर डिपो को ड्राइवर-कंडक्टर यूनियन के नेताओं ने कहा कि ड्राइवर जगजीत का आज पोस्टमॉर्टम मोहाली के सरकार अस्पताल से हो जाएगा। आज उसका अंतिम संस्कार किया जाना है। मगर सरकार ने परिवार को को आर्थिक सहायता और नौकरी देने का भरोसा न दिया तो डेड बॉडी को रोड पर रख सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।








