जालंधर। पंजाब के तरनतारन में विधानसभा उपचुनावों के प्रचार के लिए पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी पर कांग्रेसी विधायक परगट सिंह ने निशाना साधा है। परगट सिंह ने सवाल किया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री किस मुंह से पंजाब में वोट मांगने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नायब सैनी के कार्यकाल में पंजाबी किसानों पर लाठीचार्ज-गोलीबारी हुई थी, जिसमें नौजवान शुभकरण सिंह शहीद हो गए थे। विधायक परगट सिंह ने कहा कि पंजाब के लोग भाजपा को इसका करारा जवाब देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने किसानों के साथ अन्याय किया है।
पुलिस बल के दम पर जीते सभी उपचुनाव
तरनतारन के एसएसपी पर चुनाव आयोग की कार्रवाई पर टिप्पणी करते हुए विधायक परगट सिंह ने कहा कि पंजाब में हुए सभी उपचुनाव पुलिस बल के दम पर जीते गए हैं। उन्होंने विधानसभा में भी कई बार यह मुद्दा उठाया है कि पंजाब एक ‘पुलिस स्टेट’ बनता जा रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग से निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
परगट सिंह ने AAP को बताया BJP की ‘बी टीम’
जालंधर में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर की गई टिप्पणियों पर परगट सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सभी जानते हैं कि ‘आप’ भाजपा की ‘बी टीम’ है। उन्होंने यह भी सवाल किया कि भाजपा ने अब तक पंजाब के लिए क्या किया है। परगट सिंह ने भाजपा के दो करोड़ नौकरियां देने के वादे को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आंकड़ों के अनुसार, सरकार अभी तक 26 लाख से अधिक नौकरियां भी नहीं दे पाई है।







