मोहाली। पंजाब के मोहाली के डेराबस्सी-अंबाला हाईवे पर मंगलवार दोपहर पुलिस और लॉरेंस गैंग के शूटरों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस एनकाउंटर में गैंग के चार शूटरों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें 2 शूटरों को गोली लगी।

जानें पूरा मामला…
- लॉरेंस गैंग के 4 शूटर गिरफ्तारः लॉरेंस गैंग के मोहाली के डेराबस्सी-अंबाला हाईवे पर स्टील स्ट्रिप्स टावर्स के पास आज पुलिस और लॉरेंस गैंग के शूटरों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 4 शूटर गिरफ्तार किए गए। इस कार्रवाई में दो शूटरों को गोली लगी, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ाः पुलिस को बदमाशों को बड़ी वारदात करने के सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। इसमें बदमाशों की फायरिंग के जवाब दो बदमाश घायल हुए हैं। पुलिस ने उनके पास से भारी मात्रा में गोला बारूद व हथियार बरामद किए हैं।
- बड़ी वारदात के फिराक में बदमाशः पुलिस को इनपुट मिला था, जिसके आधार पर इलाके में नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान शूटरों ने भागने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। मौके से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है।

अन्य बदमाशों की तलाश में छापे मारी की जा रही
बरामद हथियारों की फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को शक है कि इनके साथ अन्य बदमाश भी हो सकते हैं। पुलिस गैंग के अन्य सहयोगियों की तलाश में इलाके में छापेमारी कर रही है। उच्च अधिकारियों ने घटना स्थल का दौरा किया और स्थानीय पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की।
ट्राइसिटी और पटियाला थे टारगेट पर
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव की तरफ से एक्स पर पोस्ट डालकर इस बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने लिखा है कि आज दोपहर डेराबस्सी–अंबाला हाईवे पर स्टील स्ट्रिप्स टावर्स के पास पुलिस और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोल्डी ढिल्लों के बीच मुठभेड़ हुई।
गैंग का सदस्य हाईवे के पास एक घर में छिपा हुआ था। पुलिस जब तलाशी अभियान चला रही थी, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह गैंग अपने विदेश बैठे हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहा था और ट्राइसिटी तथा पटियाला क्षेत्र में टारगेटेड हमले की योजना बना रहा था। बदमाश से सात (.32 बोर) पिस्तौल व 70 कारतूस बरामद हुए है।

डेराबस्सी क्षेत्र में होनी थी हथियारों की डिलीवरी : एसएसपी
SSP मोहाली संदीप हांस ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि डेराबस्सी क्षेत्र में एक गैंग को हथियारों की डिलीवरी होने वाली है। तीन से चार लोग हथियारों की सप्लाई आगे किसी और को देने के लिए ले जा रहे थे। इसके बाद डीएसपी बिक्रम बराड़ की टीम ने उनका पीछा किया। यह लोग गोल्डी बराड़ गैंग से जुड़े हुए हैं, जो कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का ऑपरेटिव है। इनके साथ मनदीप सिंह नाम का एक व्यक्ति भी था, जो स्पेन में बैठा हुआ है और इस मॉड्यूल को तैयार कर रहा था।
जब पुलिस ने इन्हें घेरने की कोशिश की, तो इन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा है, जिनमें से दो की टांगों में गोली लगी, जबकि दो ने सरेंडर कर दिया।
इससे पहले घग्गर के पास हुए एक एनकाउंटर के दौरान भी इनके बारे में सुराग मिले थे। पुलिस ने इनसे सात पिस्तौल और 70 राउंड कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ चोरी और स्नैचिंग के मामले दर्ज हैं, लेकिन अभी तक किसी बड़े गैंग से इनके सीधे लिंक की पुष्टि नहीं हुई है। इनके पास से मिले मोटरसाइकिल के व्हील की भी जांच की जाएगी।








