अमृतसर/पटियाला-जेल से बाहर आकर मजीठिया ने मूछों पर ताव दिया। उनकी पत्नी गनीव कौर ने लोगों का धन्यवाद किया। मजीठिया ने गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब में माथा टेका।
पंजाब के पूर्व मंत्री एवं शिरोमणि अकाली दल (SAD) के सीनियर नेता बिक्रम सिंह मजीठिया 7 महीने बाद मंगलवार (3 फरवरी) को दोपहर 2 बजे पटियाला की नाभा जेल से बाहर आ गए। उन्होंने बाहर आते ही समर्थकों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने मूंछों पर ताव दिया।
समर्थकों को संबोधित करते हुए मजीठिया ने कहा- जितना सरकार ने दबाया, उतनी ताकत मिली। दिल्ली हुक्मरानों के साथ ईंट से ईंट टकरानी है। मुझे इस बात की प्रेरणा मिली है। जेल में भी मैं भगवंत मान और केजरीवाल के नाम वाले तकिए घुटनों के नीचे रखकर सोता था। मजीठिया ने कहा- सरकार चाहती थी कि यह मरा बाहर आए। जिंदा बाहर न आए। मान का बस चलता तो वह मुझे भी मरवा देता, जैसे सिद्धू मूसेवाला को मरवाया। मगर, मैं न रुकूंगा और न ही झुकूंगा। मेरे पास बताने को बहुत कुछ है। केजरीवाल, जो दिल्ली में खुद हार गया, उसके आदेश पर पंजाब नहीं चलेगा।
मजीठिया ने CM भगवंत मान को चैलेंज किया कि अगर CM मान में दम है तो मजीठा से खुद इलेक्शन लड़े। उन्होंने कहा- उसके सामने मैं भी चुनाव लड़ूंगा, फिर स्वाद आएगा।
समर्थकों को संबोधित करने के बाद मजीठिया पटियाला में गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब पहुंचे। यहां उन्होंने माथा टेका। अकाली दल के प्रवक्ता अर्शदीप कलेर ने कहा कि अब मजीठिया अमृतसर या चंडीगढ़ जा सकते हैं।



जेल से बाहर आकर मजीठिया ने क्या कहा
- किसी को परेशानी हुई तो माफ करें: जेल से बाहर आकर समर्थकों को संबोधित करते हुए मजीठिया ने कहा- जेल में किसी मुलाजिम, अफसर, हवालाती, कैदी को मेरी वजह से कोई मुश्किल उठानी पड़ी हो, तो माफी मांगता हूं। दिल की गहराइयों से संत महापुरुषों का धन्यवादी हूं। मेरी पत्नी को हमेशा संदेश देते थे कि अच्छे तरीके से लड़ना है। गुरु साहिब की अपार कृपा रही। डेरा बाबा ब्यास वाले मुझसे मिलने आए। मैं तो बुरे से भी बुरा हूं।
- मैंने तरी वाले बैंगन खाकर गुजारा कर लिया, तेरा क्या होगा: मजीठिया ने कहा- मैं आज भी भगवंत मान को संदेश देता हूं कि मैंने तो तरी वाले बैंगन खाकर गुजारा कर लिया। तेरा क्या होगा सांबा? एक्साइज मिनिस्टर (हरपाल चीमा) से विनती है कि जेल के अंदर ठेके खुलवा देना। यह चीखें मारता है। जेल में मुझे डाला था, चीखें यह मारता रहा है।
- मेरे दो सिरहाने थे: मजीठिया ने कहा- मैं तो आराम से सोता रहा। यह (CM मान) कहता था कि मजीठिया तकिया मांगता है। मेरे पास दो सिरहाने थे, एक गोड्डे के नीचे दिया था। जिस पर तेरा नाम (CM) और तेरे दिल्ली वाले (केजरीवाल) का नाम लिखा था। वहीं, एक सिर के नीचे दिया था, जिस पर मेरी पत्नी का नाम लिखा था।
- सरकार के खिलाफ लड़ना बहुत मुश्किल: मजीठिया ने कहा- जिन दिनों मैं अंदर था, शहीदी दिन भी उन दिनों में आए। छोटे साहिबजादे मुगल शासकों के दबाव में नहीं आए। हक सच की बात कही। हमें यह शिक्षा दे गए कि सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़नी बहुत मुश्किल है, लेकिन डरना नहीं। गुरु साहिब के साहिबाजादे इतना बड़ा संदेश दे गए। दास तो कुछ भी नहीं है।
- मेरे लिए जेल में 32 कैमरे लगाए: मजीठिया बोले- मुझे देखने के लिए 32 कैमरे लगाए थे। मैंने अपनी घरवाली को कहा कि इतने कैमरे तो तूने भी नहीं लगाए। इस कैमरे से गैर कानूनी काम करते थे। मैं इस बात को लेकर हाईकोर्ट में जाऊंगा।
- मजीठिया न रुकेगा, न झुकेगा: अकाली नेता ने कहा- मेरे अधिकारों का हनन हुआ। भगवंत मान का अगर बस चले तो जैसे सिद्धू मूसेवाला को मरवाया था, मुझे भी मरवा सकता है। हर तरीके से सिक्योरिटी कंप्रोमाइज करके। पंजाबी केसों से डरते नहीं हैं। मैं भगवंत मान को बताना चाहता हूं कि न मजीठिया रुकेगा, न मजीठिया झुकेगा। पंजाब के किसान, मजदूर, कानून व्ययवस्था की बात ठोककर करूंगा।
- मेरी पत्नी को बहुत तंग किया, पंजाब में यह रिवाज नहीं: उन्होंने कहा- मैं अपनी धर्मपत्नी का धन्यवाद करता हूं। इसे तंग किया गया है, पंजाब में यह रिवाज नहीं रहा है। जितनी परेशानी मेरी वजह से इसे झेलना पड़ी। चन्नी साहिब का धन्यवाद करता हूं। चन्नी साहिब पहले बोले, लेकिन बाद में दबाव पड़ गया। मैं उनकी भावना समझ गया। मेरे पास बातें करने को बहुत कुछ है। छह महीने दिमाग रेस्ट पर था।
- सुप्रीम कोर्ट और UPSC पंजाब DGP को हटाए: मजीठिया ने कहा- पंजाब के एडहॉक डीजीपी को सुप्रीम कोर्ट और यूपीएससी को इंटरवीन कर तुरंत हटाना चाहिए। यह संविधान से बाहर हो गया हैं। कानून व्यवस्था को नहीं संभाल पा रहे। यह कुछ व्यक्तियों को खुश रख रहे हैं, वह हैं केजरीवाल, इरशाद खान, भगवंत मान और सिसोदिया।
- जो 3 में न 13 में, उन्हें 15-15 गनमैन दिए: मजीठिया बोले- जब मेरी सिक्योरिटी हटाई गई थी, तब बहुत प्रेशर था। डीजीपी अपने हाथों से लिखकर एक एफिडेविट दे दें कि मुझे किसी से कोई खतरा नहीं है। मैं भी लिखकर दे दूंगा कि मुझे एक भी गनमैन नहीं चाहिए। मेरे साथ आप सब हो। आम आदमी पार्टी के एक ऐसे नेता को, जिसे न तीन में न तेरह में कोई जानता है, न प्लेयर में न स्पेयरों में, उसे आप 15 गनमैन दे देते हो।
- दिल्ली हारे केजरीवाल के आदेश पर पंजाब नहीं चलेगा: मजीठिया ने CM मान और डीजीपी गौरव यादव को लेकर कहा कि उन्हें कह देना कि टाइगर अभी जिंदा है। इनका भ्रम निकाल देना। एक नहीं, दस पर्चे दे दो, मैं भी तैयार हूं। मेरी पर्सनल लड़ाई किसी से नहीं है, मुद्दों की लड़ाई होगी। पंजाब से दिल्ली वालों को भगाना है। पंजाब का फैसला पंजाबी करेंगे। कोई डमी मुख्यमंत्री नहीं करेगा। केजरीवाल, जो दिल्ली में खुद हार गया, उसके आदेश पर पंजाब नहीं चलेगा।








