गुरदासपुर- गुरदासपुर में पंजाब पुलिस की चौकी में 2 मुलाजिमों की गोली लगने से मौत हो गई। एक की डेडबॉडी कुर्सी पर तो दूसरे की चारपाई में रजाई के अंदर मिली। मौत का पता तब चला, जब चौकी में किसी ने उनका फोन नहीं उठाया।
मरने वालों में ASI गुरनाम सिंह और होमगार्ड जवान अशोक कुमार शामिल हैं। जिस आदियां पुलिस चौकी में इनकी लाश मिली, वह भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर से महज डेढ़ किमी दूर है। उनकी मौत करीब रात 1 बजे होने का शक जताया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच के बाद वहां से करीब 4 खोल मिले। दोनों को गोली किसने और क्यों मारी, इसको लेकर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
गांव के सरपंच से दोनों की मौत के बारे में पता चलते ही भारी पुलिस फोर्स वहां पहुंची। जिसके बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली गई है। फिलहाल पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है।
गुरदासपुर के SSP आदित्य ने बताया कि इन दोनों पुलिसकर्मियों की ड्यूटी इसी पुलिस चौकी में थी। इनके अलावा कोई तीसरा यहां तैनात नहीं था। ऑन ड्यूटी ही उनकी गोली लगने से मौत हुई है।

सरपंच ने वारदात को लेकर क्या बताया…
- SHO ने कॉल कर कहा- चौकी में जाकर देखो: आदियां गांव के सरपंच कमलजीत सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 8 बजे के SHO बनारसी दास का फोन आया। SHO ने उन्हें कहा कि वे काफी देर से चौकी पर फोन कर रहे हैं लेकिन कोई कॉल ही रिसीव नहीं कर रहा। अगर आप नजदीक हो तो जाकर देखना कि क्या मामला है। चौकी पर तैनात मुलाजिम वहां हैं या नहीं। अगर वहीं हैं तो फोन क्यों नहीं उठा रहे।
- ASI की डेडबॉडी कुर्सी पर पड़ी थी: सरपंच ने बताया कि इसके बाद आज रविवार सुबह 8:15 बजे पुलिस चौकी पर पहुंचे। वह अंदर गए तो ऐसा लगा कि ASI कुर्सी पर बैठा था और दोनों जेबों में हाथ डाले हुए थे। उसके सामने कार्बाइन पड़ी थी। उन्होंने दूर से आवाज मारी लेकिन ASI का कोई जवाब नहीं मिला। इससे उन्हें लगा कि कहीं नींद में तो नहीं है। मगर, जब वह उसके पास गए तो देखा कि उसके कान से खून निकल रहा था और वह मर चुका था। देखने से नहीं लगता था कि उसकी मौत हो गई है।
- होमगार्ड चारपाई पर पड़ा मिला: सरपंच ने कहा कि इसके बाद उसने होमगार्ड को ढूंढा तो वह चारपाई पर सोया हुआ था, जब उसके पास गए तो उसके सिर में भी गोली लगी हुई थी और रजाई ओढ़े हुए था, लेकिन उसका चेहरा निकला हुआ था। गोलियों के मौके पर 2-4 खोल गिरे हुए मिले। सर्दियों के दिन हैं, ऐसे में सब सोए हुए थे, तो किसी को रात में गोलियों की आवाज नहीं आई। उसने तुरंत ही SHO को सूचित किया। इसके बाद 5 मिनट में ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
ASI की बेटी 2 महीने पहले विदेश गई जानकारी के अनुसार, ASI गुरनाम सिंह गुरदासपुर में दीनानगर के गांव गादरी के रहने वाले थे। उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। इनमें से एक बेटी करीब 2 महीने पहले ही विदेश गई है। जबकि एक बेटी और बेटा यहीं पर पढ़ाई कर रहे हैं। उनकी पत्नी गृहिणी हैं।

2 मुलाजिमों की मौत पर SSP ने क्या कहा गुरदासपुर के SSP आदित्य ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। पुलिस चौकी पर तैनात 2 पुलिस कर्मियों की गोली लगने से मौत हुई है। उनको गोली किसने मारी, अभी तक इसका कुछ पता नहीं लग पाया। उन्होंने कहा कि दोनों जवान मृतक हालत में चौकी के कमरे में मिले थे। फॉरेंसिक टीमें मैके पर जांच कर रही हैं।
उनसे जब पूछा गया कि इस मामले में आतंकी हमले या गैंगस्टरों के कत्ल करने से भी जोड़ा जा रहा है तो उन्होंने कहा कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि हमने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर ली है। हमारी तकनीकी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। दोनों मुलाजिम इंडियन रिजर्व बटालियन के थे।








