जालंधर। जालंधर के मकसूदां इलाके में एक मनी ट्रांसफर की दुकान पर लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। यहां दो हथियारबंद लुटेरों ने एक ट्रैवल एजेंट को अपनी बातों में फंसाकर और फिर पिस्तौल दिखाकर 600 यूरो लूट लिए।
लुटेरे ने बेहद शातिराना तरीके से दुकानदार को अपनी बातों में उलझाया। उसने कहा कि वह पैसे स्कैनर (QR Code) के जरिए ट्रांसफर कर देगा। इस बीच उसने पानी पीने का बहाना बनाया ताकि दुकानदार का ध्यान भटका सके। दुकानदार ने उसकी बातों पर भरोसा करके 600 यूरो टेबल पर रख दिए।
युवक ने निकाली पिस्तौल
जैसे ही दुकानदार ने अपनी ट्रांजैक्शन चेक की, तो पता चला कि पैसे ट्रांसफर नहीं हुए थे। जब दुकानदार ने टोकना शुरू किया, तो युवक ने तुरंत अपनी पिस्तौल निकाल ली। दुकानदार, जो खुद फौज से रिटायर हैं, उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए लुटेरे को समझाने की कोशिश की, लेकिन लुटेरा पैसे उठाकर बाहर खड़ी बाइक की ओर भाग निकला।
दुकानदार ने शोर मचाया और लुटेरों का पीछा भी किया, लेकिन वे रफूचक्कर होने में कामयाब रहे। घटना की पूरी फुटेज दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपियों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं। पीड़ित ने बताया कि आरोपी बिना नकाब के थे और पूरी प्लानिंग के साथ आए थे। पुलिस को इस मामले की शिकायत दे दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।








