जालंधर- आम आदमी पार्टी (AAP) के 7 सांसदों के पार्टी छोड़ने को लेकर मचा घमासान थम नहीं रहा है। पंजाब की AAP सरकार ने पूर्व क्रिकेटर व पार्टी छोड़ने वाले राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह भज्जी की Z+ सिक्योरिटी हटा ली है। उनके जालंधर स्थित घर पर तैनात पंजाब पुलिस के जवानों को तुरंत वापस बुला लिया गया है। इसके तुरंत बाद ही केंद्र सरकार ने भज्जी को CRPF की सिक्योरिटी दे दी। उनके घर के बाहर ये जवान तैनात कर दिए गए हैं।
हालांकि भज्जी ने अभी AAP छोड़ने या BJP जॉइन करने को लेकर कुछ नहीं कहा लेकिन राघव चड्ढा ने उनके भी साथ में होने का दावा किया था। भज्जी से पहले AAP सरकार ने राघव चड्ढा की भी Z+ सिक्योरिटी वापस ली थी। इसके बाद उन्हें केंद्र की तरफ से यही सिक्योरिटी मिल गई। भज्जी को केंद्र से सुरक्षा मिलने के बाद में अभी कोई सूचना नहीं है।
इसी बीच AAP छोड़ने वाले दूसरे राज्यसभा सांसद विक्रमजीत साहनी ने दावा किया कि AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने उनसे इस्तीफा मांगा था। मेरा मन भी बन गया था लेकिन फिर सलाहकारों ने रोक दिया। साहनी ने कहा कि पंजाब इस वक्त ICU में है। उसे बचाने के लिए स्ट्रॉन्ग सेंट्रल सपोर्ट या केंद्र सरकार के सहयोग की जरूरत है।
वहीं AAP न छोड़ने वाले सांसद संत सीचेवाल ने कहा कि राघव चड्ढा ने आजाद ग्रुप बनाने की बात कहकर मुझे 16, 17 और 18 अप्रैल को चाय पर बुलाया था लेकिन मैं वहां नहीं गया। मैंने उन्हें किसी तरह का आजाद ग्रुप बनाने या उसमें शामिल होने से मना कर दिया।
सांसद साहनी ने AAP छोड़ने को लेकर क्या-क्या कहा…
- हमने पंजाब के साथ कोई गद्दारी नहीं की: सांसद विक्रमजीत साहनी ने कहा- हमने पंजाब और पंजाबियों के साथ कोई गद्दारी नहीं की। ये आरोप गलत है। हम पंजाब के लिए काम करेंगे। पंजाब में कई प्रोजेक्ट हैं, जिसमें 10 हजलार बच्चों को रोजगार देने का भी प्लान है।
- CM मान-केजरीवाल के खिलाफ कुछ नहीं बोलूंगा: सांसद साहनी ने कहा- मैं CM भगवंत मान के बारे में कोई कमेंट नहीं कर सकता। हमने कभी AAP जॉइन नहीं की लेकिन मौका देने के लिए उनके कर्जदार रहेंगे। मुझे CM मान और अरविंद केजरीवाल से कोई गिला-शिकवा नहीं है। न उनके खिलाफ कभी कुछ कहा और न जिंदगीभर कुछ कहूंगा।
- कानूनी कार्रवाई सहीं, हम राजनीतिक नहीं: साहनी ने मेंबरशिप खारिज करने को लेकर कहा- कानूनी कार्रवाई सही है। वह प्रेसिडेंट, वाइस प्रेसिडेंट और सुप्रीम कोर्ट देखेगी। लेकिन जितना मैंने पढ़ा है कि दो-तिहाई का रूल है और मर्जर भी हुआ है। जो भी हुआ है, हम पंजाब की सेवा करते रहेंगे। हम रिजाइन करने के लिए तैयार नहीं हैं। हम राजनीतिक व्यक्ति नहीं हैं।
राघव चड्ढा के 14 लाख इंस्टाग्राम फॉलोअर्स घटे
आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर भाजपा जॉइन करने वाले राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के इंस्टाग्राम पर करीब 14 लाख फॉलोअर्स कम हो गए हैं। 24 घंटे पहले उनके फॉलोअर 14.6 मिलियन (1 करोड़ 46 लाख) थे। शनिवार शाम तक यह 13.2 मिलियन (1 करोड़ 32 लाख) बचे हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक यह युवा यूजर्स की प्रतिक्रिया हो सकती है।








