best news portal development company in india

CM मान का बड़ा आरोप: चुनाव से पहले ब्लास्ट BJP की साजिश? ; बिट्टू बोले- हिम्मत है तो भाजपा पर पर्चा दर्ज कराओ, ISI की भाषा बोल रहे सीएम

SHARE:

लुधियाना- पंजाब में एक सप्ताह में तीन ब्लास्ट हो गए, जिसको लेकर भाजपा व कांग्रेस ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को घेरना शुरू किया। इसमें सीएम के बयान पर पलटवार शु्रू कर दिया है। बीजेपी पर ब्लास्ट कराने के सीएम के आरोप पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता रवनीत बिट्टू ने कहा कि अगर सीएम यह लगता कि बीजेपी ने कराया है तो उनके बीजेपी के खिलाफ पर्चा दर्ज कराना चाहिए। बीजेपी नहीं तो मुझपर पर्चा दर्ज कराएं।

उन्होंने कहा कि सीएम को ऐसे बयान देने से पहले शर्म करनी चाहिए। वह वही भाषा बोल रहे जो पाकिस्तान चाहता है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मुद्दे पर गंभीरता से बात करना चाहिए

जालंधर में बीएसएफ हेड क्वार्टर में हुए ब्लास्ट के लिए भगवंत मान ने भाजपा को जिम्मेदार ठहरा दिया। मान ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब में अब जो शुरू हो गया है वो भाजपा का स्टाइल है। भाजपा चुनाव से पहले इस तरह के हथकंडे अपनाकर लोगों को डराती है। मुख्यमंत्री ने श्री आनंदपुर साहिब में शुक्रराना यात्रा की शुरुआत के मौके पर कहा कि बीजेपी फिरकू पार्टी है। बंगाल का चुनाव खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि अब पंजाब की बारी है। जो ब्लास्ट हुए हैं वो बीजेपी की पंजाब में इलेक्शन की तैयारी है।

सीएम मान ने कहा कि बीजेपी इसी तरह हिंसा फैलाकर लोगों को डरा-धमकाकर वोट लेती है। मैं बीजेपी वालों को कहता हूं कि अपनी हरकतों से बाज आ जाएं। पंजाब शांत राज्य है। पंजाब में सरबत का भला मांगने वाले लोग हैं। पंजाब में ऐसी हरकतें न करें।

उन्होंने कहा कि बीजेपी जिस स्टेट में जाती है वहां पहले लड़ाई करवाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा बेअदबी कानून से दुखी है, क्योंकि इन्होंने बेअदबी करके लोगों को लड़ाना था। अब इनके कहने पर कोई बेअदबी नहीं करेगा क्योंकि कानून सख्त हो गया है।

भाजपा वाले लोगों को डराना चाहते हैं

भगवंत मान ने कहा कि बीजेपी छोटे-मोटे ब्लास्ट करवाकर वोट लेना चाहती है। भाजपा वाले लोगों को डराना चाहते हैं। मैं बीजेपी को कहना चाहता हूं कि पंजाब ने बहुत काला दौर देखा है। लोगों के जख्म अभी हरे हैं। बीजेपी ऐसी हरकतों से बाज आए।

केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्‌टू ने मान सरकार को घेरा

पंजाब में शंभू के पास रेलवे लाइन पर धमाका होने के बाद अब जालंधर व अमृतसर में एक ही दिन में मिलिट्री कैंपों के बाहर दो धमाके हो गए। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू ने लगातार हो रहे धमाकों पर राज्य सरकार को घेरा है।

बिट्‌टू ने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। राज्य सरकार नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह से असफल है। बिट्‌टू का आरोप है कि सरकार ब्लास्ट जैसी घटनाओं को रोकने में तो नाकाम है ही साथ ही उसे कवरअप करने में जुट गई है।

विस्फोटों ने राज्य के लोगों के मन में भय पैदा कर दिया

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महज एक सप्ताह के भीतर शंभू, जालंधर और अब अमृतसर में हुए लगातार विस्फोटों ने पंजाब में लोगों के मन में भय पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद चिंताजनक है कि सीमावर्ती राज्य होने के बावजूद सुरक्षा तंत्र इतना ढीला है कि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

बिट्टू ने विशेष रूप से अमृतसर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण शहरों में ऐसी घटनाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब की छवि खराब कर रही हैं।

कार्रवाई के बजाय ‘कवर-अप’ कर रही सरकार

बिट्टू ने कहा कि सरकार सच सामने लाने के बजाय इन घटनाओं को दबाने या उन्हें ‘कवर-अप’ करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि रेलवे लाइनों और मिलिट्री बेस जैसे रणनीतिक स्थानों के पास होने वाले ये हमले केवल स्थानीय अपराध नहीं हैं, बल्कि यह सीधा राष्ट्रीय सुरक्षा का संकट है। इसलिए सरकार इन्हें गंभीरता से ले और जांच करवाकर सच सामने लाए।

भाजपा पर आरोप पर बोले- शर्म करो, आईएसआई को शाबाशी दे रहे हो

  • हिम्मत है तो बीजेपी पर पर्चा करवाए: रवनीत सिंह बिट्‌टू का कहना है कि रोजाना ब्लास्ट हो रहे हैं। ग्रेनेड फेंके जा रहे हैं। पंजाब के हालात बिगड़े हुए हैं। मुख्यमंत्री ने जो बयान दिया है कि बीजेपी ने ब्लास्ट करवाया है। बिट्‌टू ने कहा कि बंगाल में केंद्रीय सुरक्षा बलों ने शांतिपूर्ण मतदान करवाया और बंगाल में एक पटाखा भी फूटने नहीं दिया। बिट्‌टू ने मुख्यंत्री को चैलेंज किया है कि अगर हिम्मत है तो बीजेपी के नाम पर पर्चा दर्ज करवाओ। मेरे नाम पर करवाओ।
  • आईएसआई जो चाहता है, वही तुम बोल रहे हो
  • बिट्टी ने मुख्यमंत्री के बयान की निंदा करते हुए कहा कि कुछ तो शर्म होनी चाहिए। जो आईएसआई चाहता है, तुम वही कह रहे हो, तुम उन्हें शाबाशी दे रहे हो। डीजीपी कह रहे हैं कि आईएसआई ने करवाया है। तुम एक दूसरे को लड़वाने की कोशिश कर रहे हो। चीफ मिनिस्टर को इस तरह की बात नहीं करनी चाहिए। ऐसी बातें तो कौंसलर तक नहीं करते।
  • सीएम को बर्फ पट्टियां करने की जरूरत
  • बिट्‌टू ने कहा कि सीएम को बर्फ की पट्टियां करने की जरूरत है। चीफ मिनिस्टर को चाहिए था कि वो आर्मी हेडक्वार्टर में जाता और वहां पर बात करते। बीएसएफ के साथ जाकर बात करते ताकि सेना का मनोबल बढ़ाते। भाजपा देश प्रेमी हैं। अगर हिम्मत है तो भाजपा पर पर्चा करो।

खासा ब्लास्ट के CCTV फुटेज ने खोली पोल- मजीठिया

अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि खासा में हुए विस्फोट के CCTV फुटेज ने पंजाब सरकार के खोखले दावों को पूरी तरह बेनकाब कर दिया है। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के घरों की दीवारें हिल गईं और पूरे इलाके में दहशत फैल गई, फिर भी सरकार और डीजीपी कह रहे हैं कि सब कुछ नियंत्रण में है।

पहले जालंधर विस्फोट को “स्कूटी में आग लगने” की घटना बताकर दबा दिया गया था। अब एक के बाद एक सामने आ रहे CCTV फुटेज सरकार के सुरक्षा दावों की पोल खोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों धमाके बीएसएफ (BSF) प्रतिष्ठानों, सेना और अर्धसैनिक बलों के संवेदनशील क्षेत्रों के पास हुए। भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित एक संवेदनशील राज्य के लिए यह कोई छोटी चूक नहीं, बल्कि सुरक्षा और खुफिया तंत्र के पूरी तरह ध्वस्त होने का संकेत है।

पंजाब को अस्थिर करने की कोशिश हो रही- वड़िंग

वहीं कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि पंजाब में एक के बाद एक हुए धमाकों ने राज्य को झकझोर कर रख दिया है। जालंधर और अमृतसर में खासा कैंप के पास विस्फोट होना यह अत्यंत चिंताजनक है। हमारे राज्य को अस्थिर करने की कोशिश कौन कर रहा है? पंजाब सरकार ऐसी घटनाओं को रोकने में विफल क्यों रही है?

उन्होंने कहा कि भारत सरकार क्या कर रही है? बार-बार हो रही ये चूक खुफिया तंत्र और सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता की ओर इशारा करती है। पंजाब की शांति के साथ समझौता नहीं किया जा सकता। हम जवाबदेही और तत्काल कार्रवाई की मांग करते हैं।

FIR में केंद्र सरकार का नाम दर्ज करेंगे CM- रंधावा

कांग्रेस के सांसद व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने मुख्यमंत्री के बयान को बेहूदा बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए थी। CM ने अगर भाजपा को इसके लिए जिम्मेदार बताया है तो क्या मुख्यमंत्री एफआईआर में केंद्र सरकार का नाम दर्ज करेंगे।

सीएम ने ऐसा बयान देकर फेलियर कबूल किया

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पर इस तरह का एलीगेशन लगाना गंभीर मामला है। गृहमंत्री और भाजपा को इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए। रंधावा ने कहा कि लॉ एंड ऑर्डर स्टेट मेटर है सेंटर का नहीं है। इनके हाथ खड़े हों तो केंद्र को घेरा जाएगा। सीएम ने आरोप लगाए हैं केंद्र सरकार इससे बच नहीं सकती। सीएम ने ऐसा बयान देकर अपनी फेलियर कबूल कर लिया है। मुख्यमंत्री पता नही किन हालातों में ये बात कर रहे हैं। ऐसे बयान पंजाब को बर्बादी की तरफ ले जा रहा है।

CM खुद को विपक्ष का नेता मान रहे- फतेहजंग बाजवा

भाजपा नेता फतेहजंग बाजवा का कहना है कि मुख्यमंत्री खुद को विपक्ष का नेता मान रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर इन्हें लगता है तो ये जांच करवाएं। लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह से फेल है। अब ये इल्जाम लगा रहे हैं कि ऐसा बीजेपी ने करवाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि इसमें भाजपा का क्या कंसर्न है।

हम दिखाएंगे की पंजाब कैसे चलता है

बाजवा ने कहा कि मुख्यमंत्री रिजाइन दें तीन ब्लास्ट हो गए हैं। उन्होंने कहा कि फिर हम दिखाएंगे की पंजाब कैसे चलता है। अगर इनके पास सूचना है तो उसे सार्वजनिक करें। दरअसल ये बौखला गए हैं। बंगाल की जीत के बाद ये डर गए हैं। ये फेल चीफ मिनिस्टर साबित हो रहे हैं। पंजाब की जनता को सब पता है। पंजाब कह रहा है इनकी जांच करवाओ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई