जालंधर- पंजाब-चंडीगढ़ में घरेलू LPG सिलेंडर 29 रुपए महंगा हो गया है। नई दरें आज रात 12 बजे से लागू हो गई हैं। लुधियाना में 14.2kg गैस सिलेंडर 940 रुपये से बढ़कर रुपये 969 का मिलेगा। जालंधर में 942.50 से बढ़कर 971.50 रुपए में मिलेगा।
इसी तरह मोहाली में 922.50 रुपए से बढ़कर 951.50 रुपए में मिलेगा। जबकि चंडीगढ़ में रुपये 922.50 से बढ़कर रुपये 951.50 का गैस सिलेंडर मिलेगा। तीन महीने में दूसरी बार LPG की कीमत बढ़ाई गई है।
इससे पहले 7 मार्च को LPG सिलेंडर के दाम रुपये 60 बढ़ाए गए थे। इस तरह 3 महीने के अंदर घरेलू सिलेंडर 89 रुपए महंगा हो गया है। न्यूज एजेंसी PTI के सूत्रों के अनुसार, तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ी ऊर्जा लागत और घरेलू बिक्री पर नुकसान के कारण कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं।
कंपनियों को प्रति सिलेंडर 703 नुकसान का दावा
2026 से पहले सरकार ने 8 अप्रैल 2025 को घरेलू LPG सिलेंडर के दामों में रुपये 50 का इजाफा किया था। 1 मार्च 2026 को कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम रुपये 31 तक बढ़ाए गए थे।
5 किलोग्राम वाले LPG सिलेंडर की कीमतों में भी रुपये 11 का इजाफा किया गया था, जिससे इसकी कीमत रुपये 821.50 हो गई।
LPG से पहले पेट्रोल, डीजल और CNG के दाम भी बढ़े
पिछले कुछ हफ्तों में पेट्रोल, डीजल और CNG के दाम भी बढ़े हैं। मई में पेट्रोल और डीजल की कीमतें कुल मिलाकर रुपये 7.50 प्रति लीटर बढ़ चुकी हैं, जबकि CNG करीब रुपये6 प्रति किलो महंगी हुई है। कंपनियों को पेट्रोल पर करीब ₹11 प्रति लीटर और डीजल पर रुपये 33.6 प्रति लीटर का नुकसान हो रहा है।
इसके बावजूद कंपनियों का दावा है कि पेट्रोल-डीजल अभी भी लागत से कम कीमत पर बेचे जा रहे हैं। सरकार का कहना है कि वैश्विक कीमतों में हुई पूरी बढ़ोतरी का बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डाला गया है। कच्चे तेल के महंगे होने का कुछ बोझ सरकारी तेल कंपनियां खुद उठा रही हैं।








