best news portal development company in india

जालंधर में दो कारों की टक्कर के बाद बवाल: महिला खिलाड़ी ने लगाया मारपीट का आरोप, युवक को भीड़ ने घेरा

SHARE:

हंगामे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसके बाद मौके पर पहुंची थाना 4 की पुलिस ने बड़ी मशक्कत से स्थिति को संभाला। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर चल रही दो कारों के बीच अचानक टक्कर हो गई, जिससे दोनों गाड़ियों को नुकसान पहुंचा।

महिला क्रिकेटर से बदसलूकी और मारपीट का आरोप

चश्मदीदों का कहना है कि दुर्घटना के तुरंत बाद कार से उतरे युवक ने बहसबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने दूसरी कार में सवार महिला क्रिकेट खिलाड़ी के साथ हाथापाई कर दी। आरोप है कि तैश में आकर युवक ने महिला खिलाड़ी के चेहरे पर मुक्का जड़ दिया।

महिला खिलाड़ी के साथ हुई बदसलूकी को देखकर वहां मौजूद लोग भड़क गए। आस-पास के दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत पीड़ित महिला के पक्ष में मोर्चा खोल दिया। लोगों ने आरोपी युवक की कार को चारों तरफ से घेर लिया और जमकर हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साई भीड़ ने युवक को सबक सिखाने के लिए उसकी कार पर दो बार हमला भी किया। लोग उसे जबरन कार से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे।

बीच सड़क पर लगा लंबा ट्रैफिक जाम

बीच सड़क पर दोनों कारों के रुकने और सैकड़ों लोगों के इकट्ठा हो जाने के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। स्काइलार्क चौक के पास वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस भारी जाम को देखकर कुछ लोगों ने तुरंत इसकी सूचना थाना 4 की पुलिस को दी।

पुलिस ने सूझबूझ से युवक को बचाया, जांच जारी

सूचना मिलते ही थाना 4 की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तुरंत सूझबूझ दिखाई। आरोपी युवक को भीड़ के गुस्से से बचाने के लिए पुलिसकर्मी खुद उसकी कार में बैठ गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को पीछे हटाया और दोनों कार चालकों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई