चंडीगढ़- चंडीगढ़ के सेक्टर-18 से यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यक्रम का विरोध कर रहे थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा “शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो” के नारे लगाए जा रहे थे। पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो वे नहीं माने। इसके बाद पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान चंडीगढ़ के सेक्टर-18 स्थित टैगोर थिएटर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यह कार्यक्रम 25 जून 1975 को कांग्रेस सरकार द्वारा लगाए गए आपातकाल के विरोध में आयोजित किया गया था। आज ही के दिन वर्ष 1975 में देश में आपातकाल लागू किया गया था। भाजपा की ओर से देश के अलग-अलग हिस्सों में इस संबंध में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।



हमारी लड़ाई ऐसे ही जारी रहेगी
कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदर्शन पुलिस ने रोका है। पता नहीं उन्हें क्या प्रॉब्लम है। इनके बच्चे परीक्षा नहीं देते। इनके परिवार से नीट का कोई एग्जाम नहीं देता। कांग्रेस पार्टी की लड़ाई जारी रहेगी। हम ऐसे ही लड़ाई जारी रखेंगे। इस दौरान उन्होंने जोर-जोर से नारे लगाए।
नीट परीक्षा पेपर लीक को लेकर मंत्री का विरोध
यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता हाल ही में हुए नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का विरोध कर रहे थे। यह विरोध प्रदर्शन यूथ कांग्रेस की ओर से पहले से तय किया गया था। सेक्टर-19 में युवा कार्यकर्ताओं को एकत्रित होने का आह्वान किया गया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहीं से हिरासत में ले लिया।








