best news portal development company in india

जालंधर में अवैध हथियारों का नेटवर्क बेनकाब: 6 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, डिलीवरी से पहले दबोचे

SHARE:

जालंधर- जालंधर देहात पुलिस को अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले की त्वरित कार्रवाई करते हुए छह युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से 30 बोर का एक पिस्तौल, एक मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इस संबंध में फिल्लौर थाने में सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

नाकाबंदी के दौरान हत्थे चढ़े आरोपी

डीएसपी भरत मसीह ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम सतलुज पुल पर बने हाईटेक नाके पर विशेष चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार छह युवकों को मौके पर ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महकप्रीत उर्फ रोहित, करनदीप सिंह उर्फ करन, रोबिनप्रीत सिंह, राजेश्वर सिंह, मनजीत सिंह और निखिल के रूप में हुई है, जो अमृतसर और गुरदासपुर जिले के निवासी हैं।

सस्ते में खरीदकर पंजाब भर में करते थे सप्लाई

पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में इस अंतर-जिला गिरोह के तौर-तरीकों का बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी विभिन्न स्रोतों के संपर्क में रहकर कम दामों पर अवैध हथियार खरीदते थे और फिर उन्हें पंजाब के अलग-अलग शहरों में ऊंचे दामों पर बेच दिया करते थे। वे फिल्लौर शहर में भी हथियारों की एक नई खेप सप्लाई करने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से उनकी यह कोशिश नाकाम हो गई।

दो दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर उनका दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में इस अवैध हथियार नेटवर्क के मुख्य सरगनाओं और पिछले लेन-देन से जुड़े कई अन्य अहम सुराग और खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई