जालंधर– जालंधर में थाना सदर पुलिस ने कत्ल के एक मामले को महज 24 घंटों के भीतर सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घरेलू संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अपने ही 35 वर्षीय विकलांग छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है और वारदात में इस्तेमाल किया गया सामान भी बरामद कर लिया है।
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए एडीसीपी-2 माधवी शर्मा ने बताया कि डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों की अगुवाई में थाना सदर के प्रभारी इंस्पेक्टर संजीव कुमार और उनकी पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस पार्टी वाई प्वाइंट प्रतापपुरा के पास मौजूद थी, तभी उन्हें इस घटना की सूचना मिली।
संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुई हत्या
घटना जालंधर के धर्मपुरा आबादी (खांबड़ा) इलाके की है। यहां रहने वाले सोहांग उर्फ भोला (पुत्र स्वर्गीय प्रीतम दास) का अपने 35 वर्षीय विकलांग छोटे भाई टहिल दास के साथ घरेलू संपत्ति के बंटवारे को लेकर झगड़ा चल रहा था। इसी विवाद के चलते सोहांग ने अपनी पत्नी कमलजीत कौर के साथ मिलकर टहिल दास पर तेजधार हथियार, डंडे और ईंटों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
इस जानलेवा हमले में टहिल दास गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों पति-पत्नी मौके से फरार हो गए। घायल टहिल दास को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मृतक टहिल दास की माता हरबंस कौर के बयानों के आधार पर थाना सदर में आरोपी सोहांग उर्फ भोला और उसकी पत्नी कमलजीत कौर के खिलाफ मुकदमा नंबर 314 (दिनांक 16.08.2026) धारा 103(1), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
मुकदमा दर्ज करने के बाद इंस्पेक्टर संजीव कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने तुरंत छापामारी शुरू की और 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के कब्जे से कई समान बरामद किया
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना हुआ एक डंडा, एक टूटी हुई करद (तेजधार हथियार), खून से सनी हुई सीमेंट की एक ईंट और एक ऑटो रिक्शा बरामद कर लिया है। पुलिस फिलहाल आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।








