अमृतसर– अमृतसर में शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की लड़ाई में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिया। मजीठिया ने दावा किया कि पहले पीड़ित परिवारों को गैंगस्टरों ने धमकियां दीं। अब उन्हें भी धमकी भरे फोन आ रहे हैं।
बिक्रम मजीठिया ने बताया कि उन्हें अभी तक कोई नोटिस नहीं मिला है। हालांकि, अगर कोई नोटिस आता है, तो वह उसका स्वागत करेंगे। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर आरोप लगाया कि बेटियों और बहनों के साथ खड़ा होना मुख्यमंत्री भगवंत मान की सोच में नहीं है।
अकाली दल पीड़ित परिवारों के साथ : मजीठिया
मजीठिया ने यह भी बताया कि शिरोमणि अकाली दल उन पीड़ित परिवारों के साथ है, जिन्होंने हाईकोर्ट में हलफनामा देकर अपने बयान दर्ज करवाए हैं। उन्होंने कहा कि गुरचरण उर्फ गुरी चाहल को 5 करोड़ रुपये देकर अमेरिका भेजने वाले पूरे नेक्सस का जल्द खुलासा किया जाएगा।
उन्होंने सवाल उठाया कि धारा 164 के तहत बयान दर्ज होने के बाद भी आरोपी दो महीने में जमानत पर बाहर कैसे आ गए। मजीठिया ने आरोप लगाया कि पुलिस और सरकार की मिलीभगत के बिना यह संभव नहीं है।
गैंगस्टरों से मिल रही धमकियां : बिक्रम
हाईकोर्ट में दायर रिट याचिका का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि इस मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान, डॉ. गुरप्रीत कौर और अमरदीप ग्रेवाल का सीधा नाम लिया गया है।
बातचीत में मजीठिया ने एक और दावा किया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों के बाद अब उन्हें भी गैंगस्टरों से धमकियां मिलनी शुरू हो गई हैं। गैंगस्टरों और उनके कथित आकाओं को चेतावनी देते हुए मजीठिया ने कहा कि वह इन धमकियों से डरेंगे नहीं। उन्होंने कहा कि वह न्याय की इस लड़ाई को आखिर तक लड़ेंगे और पीड़ितों को न्याय दिलाकर ही रुकेंगे।








