जालंधर- लुधियाना में जूतों की माला से संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के विरोध में दलित समाज की ओर से आज (10 सितंबर) जालंधर और होशियारपुर बंद किया गया है। जालंधर में सुबह से बाजारों की ज्यादातर दुकानें बंद हैं। बैंक भी बंद हैं। वहीं होशियारपुर में प्रदर्शनकारियों ने बाजार बंद कराए हैं।
भगवान वाल्मीकि शक्ति क्रांति सेना पंजाब के अध्यक्ष राजीव गोरा और भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि ने कहा कि शाम 5 बजे बंद रहेगा। सरकारी दफ्तर और बैंक भी बंद कराए जाएंगे।
बंद के दौरान लोगों की परेशानी को देखते हुए हाईवे जाम नहीं किया गया। मेडिकल स्टोर और अस्पताल जैसी इमरजेंसी सेवाएं खुली रखने की छूट दी गई। बच्चों की परीक्षाओं को देखते हुए स्कूल-कॉलेज भी बंद नहीं करवाए गए।

राजीव गोरा ने बताया कि मुख्य धरना जालंधर के डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर दिया गया। इसके अलावा संस्थाओं के सदस्यों ने बाजारों में जाकर दुकानदारों से दुकानें बंद रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जालंधर के सबसे व्यस्त रैनक बाजार के व्यापारियों का समर्थन पहले ही मिल चुका था। दूसरे बाजारों के दुकानदारों ने भी दुकानें बंद रखकर सहयोग किया।
इधर, लुधियाना में आज सुबह 11 बजे पुलिस लाइन में पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने दलित भाईचारे के साथ बैठक करेंगे। पुलिस का कहना है कि मामले को जल्द सुलझा लिया जाएगा। पुलिस ने यह भी कहा है कि जो भी आरोपी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।








