जालंधर– जालंधर के बस्ती दानिशमंदा इलाके में स्थित दशह रा ग्राउंड के एक कमरे में रविवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान बस्ती दानिशमंदा निवासी भूषण कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और पूर्व विधायक शीतल अंगुराल मौके पर पहुंचे।
इलाके के निवासियों और पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने युवक की मौत नशे की वजह से होने की आशंका जताई है। शीतल अंगुराल ने मौके पर पहुंचकर सरकार व पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि शव के पास से मिली सिरिंज को हटा दिया गया और बिना फॉरेंसिक जांच के ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी वजह
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया ने बताया कि कंट्रोल रूम से दशहरा ग्राउंड में युवक का शव और सिरिंज मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और सिविल अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसीपी आतिश भाटिया के अनुसार, हालांकि प्राथमिक तौर पर मौत की वजह नशा मानी जा रही है, लेकिन मौत के असली कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








