जालंधर- पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही राजनीतिक दलों ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। सूबे के मौजूदा राजनीतिक हालातों, बिगड़ती कानून व्यवस्था और हालिया विवादों को लेकर पंजाब प्रदेश यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष शुभम शर्मा और युवा नेतृत्व ने आम आदमी पार्टी और CM भगवंत मान सरकार पर सवा उठाए।
शनिवार को जालंधर पहुंचे यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि वह खुद पंजाब CM के जिले से आते हैं और सरकार की रोज की ग्राउंड रियलिटी देखते हैं। सूबे में बदलाव का दावा करके सत्ता में आई AAP आज आम जनता की आवाज दबाने और तानाशाही पर उतर आई है। शुभम ने कहा कि जिस आम आदमी पार्टी ने खुद को आम घर की सरकार बताया था, आज वही सरकार सवाल पूछने वाले आम पंजाबियों पर लाठियां बरसा रही है। उन्होंने संगरूर जिले से जुड़ी हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि काली झंडी दिखाने पर मोहनजीत के साथ अमानवीय व्यवहार पंजाब पुलिस ने किया।
ये हलका पंजाब के आप प्रधान अमन अरोड़ा का है। इसके साथ ही वित्त मंत्री हरपाल चीमा के दिड़बा हलके में नशे पर सवाल करने वाले को इतना तंग किया गया कि उसने सुसाइड कर लिया। आज हालात ये हैं कि नशामुक्ति और स्थानीय मुद्दों पर आवाज उठाने वाले आम लोगों तथा विरोध दर्ज कराने वाले युवाओं को डराया-धमकाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि शांत तरीके से विरोध दर्ज कराने वाले व्यक्तियों पर भी पुलिस का सख्त दबाव बनाया जा रहा है, जिससे सूबे में डर का माहौल बन चुका है।

बिट्टू जैसा व्यवहार करते हैं, अंडों से वैसा ही जवाब मिला
सांसद रवनीत सिंह बिट्टू के साथ पठानकोट में हुए हालिया वाक्य पर बोलते हुए यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि किसी भी नेता के साथ इस प्रकार का व्यवहार या हिंसा राजनीति में सही नहीं है, लेकिन जब नेता जनता के वादों से मुकरते हैं तो लोगों का गुस्सा इस रूप में सामने आता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज जनता को हर उस नेता को जवाब देना आता है जिसने उनके साथ विश्वासघात किया है। बिट्टू के खुद के व्यवहार के चलते लोगों ने उनको अंडों से जवाब दिया है।
सचिन पायलट के आने पर यूथ में उत्साह
शुभम ने कहा कि सचिन पायलट के पंजाब प्रभारी बनने से यूथ में नया उत्साह पैदा हुआ है। संगठन में कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है। पार्टी सम्मेलनों में जुट रही भीड़ इस बात का सबूत है कि पंजाब का युवा अब विकल्प के तौर पर दोबारा कांग्रेस की ओर देख रहा है। उन्होंने अनुशासनहीनता पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि संगठन में किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम पर आरोप-धूरी में शुगर मिल बंद, मेडिकल कॉलेज नहीं बना
शुभम ने सीएम भगवंत मान के गृह क्षेत्र धूरी से जुड़े वादों पर सवाल उठाते हुए कहा कि बंद पड़ी शुगर मिल को चालू करवाने और मस्तुआना साहिब में मेडिकल कॉलेज बनाने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप के स्वास्थ्य और शिक्षा मॉडल केवल कागजी दावे हैं। अगर राज्य के सरकारी अस्पताल इतने ही विश्वस्तरीय हैं तो सरकार के मंत्री और मुख्यमंत्री खुद निजी अस्पतालों में क्यों इलाज करवाते हैं। सरकारी स्कूल अच्छे हैं तो शिक्षा मंत्री बैंस के बच्चे क्यों नहीं उनमें पढ़ते? पंजाब में अपराध और नशा इस कदर बढ़ चुका है कि आम नागरिक तो दूर, राजनीतिक नेता भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो पंजाब पूरी तरह से गैंगस्टरों के प्रभाव में चला जाएगा।
कांग्रेस जनता के बीच जाकर तैयार कर रही घोषणापत्र
आगामी चुनावों और मेनिफेस्टो की तैयारियों पर बात करते हुए यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सीधे जनता के बीच जाकर उनका घोषणापत्र (मेनिफेस्टो) तैयार कर रही है। इसमें केवल लोक-लुभावन वादे करने के बजाय आम परिवारों के आर्थिक उत्थान, छोटे कारोबारियों को राहत देने और युवाओं के लिए रोजगार के वास्तविक अवसर पैदा करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता इस बार कांग्रेस की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाएगी।








