best news portal development company in india

जालंधर में पुलिस नाके पर फायरिंग करने वाले 3 आरोपी काबू: पिस्तौल-कारतूस बरामद, दीवार पर लगी गोलियां

SHARE:

जालंधर– जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने नाके पर चेकिंग दौरान टीम पर फायरिंग करने वाले 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 5 अवैध पिस्तौल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ मणी शोकर, दिलप्रीत सिंह और मेहर सिंह उर्फ प्रिंस के रूप में हुई है।

जालंधर पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के निर्देशों पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत डीसीपी सिटी श्री आदित्य एस. वारियर, एडीसीपी सिटी-2 श्रीमती माधवी शर्मा और एसीपी सब-डिवीजन-5 कैंट श्री कुलविंदर सिंह विर्क के नेतृत्व में जालंधर पुलिस ने यह सफलता हासिल की है।

थाना सदर के एसएचओ की देखरेख में 18 सितंबर 2026 को पुलिस चौकी जंडियाला के प्रभारी एसआई नरेंद्र मोहन अपनी पुलिस टीम के साथ जंडियाला मोड़ पर नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान जंडियाला मोड़ की तरफ से आ रही एक महिंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ी (नंबर PB-08-GB-1101) को रोककर तलाशी ली गई।

पुलिस के साथ गिरफ्तार आरोपी। - Dainik Bhaskar

पुलिस के साथ गिरफ्तार आरोपी।

SI नरेंद्र मोहन ने आरोपी को पकड़ा

जब पुलिस टीम ने स्कॉर्पियो के ड्राइवर और उसके साथ बैठे व्यक्ति से पहचान पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस दिखाने को कहा, तो अचानक साथ बैठे व्यक्ति ने पिस्तौल निकालकर सब-इंस्पेक्टर पर फायरिंग करने का प्रयास किया। एसआई नरेंद्र मोहन ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत उसका हाथ पकड़कर एक तरफ धकेल दिया। इस दौरान आरोपी द्वारा चलाई गई दो गोलियां पास के एक ढाबे की दीवार में जा लगीं।

पुलिस ने सूझबूझ से दोनों आरोपियों को दबोचा

पुलिस कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों को 19 सितंबर को मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ के दौरान गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ मणी शोकर निवासी गांव अट्टी बाजा (फिल्लौर, जालंधर) के रूप में हुई, जबकि गाड़ी चला रहे व्यक्ति की पहचान दिलप्रीत सिंह निवासी गांव धर्म सिंह वाला (मोगा) के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से फायरिंग में इस्तेमाल की गई ग्लॉक पिस्तौल और 3 जिंदा कारतूस कब्जे में लेकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

आर्म्स एक्ट की धाराओं में FIR दर्ज

इस संबंध में थाना सदर, कमिश्नरेट जालंधर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27-54-59 के तहत एफआईआर दर्ज की गई। गिरफ्तार आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ मणी शोकर से कड़ाई से पूछताछ के दौरान पुलिस ने 4 अन्य पिस्तौल और 2 और जिंदा कारतूस बरामद किए। इस तरह मामले में अब तक कुल 5 पिस्तौल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए जा चुके हैं।

मामले की जांच जारी

इसके अलावा पुलिस ने मामले की कड़ी जोड़ते हुए 20 सितंबर 2026 को तीसरे आरोपी मेहर सिंह उर्फ प्रिंस निवासी न्यू आजाद नगर (लुधियाना) को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा बरामद किए गए हथियारों में ऑस्ट्रिया निर्मित ग्लॉक, रोमानिया निर्मित टीटी-सी, जर्मनी निर्मित वाल्थर पिस्तौल और अन्य अचिह्नित पिस्तौल शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई