इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर तैनात एसएचओ और डीएसपी अधिकारियों की भूमिका की जमकर सराहना की।पंजाब पुलिस के बहादुर और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को उनकी सेवाओं के लिए नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
इनाम वितरण के पश्चात मंच संचालक ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को मंच पर आकर संबोधित करने और सभी का मार्गदर्शन करने के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत में राज्यभर से आए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, आईजी, डीआईजी, एसपी, एसएसपी और एसएचओ का स्वागत किया।


सीएम मान ने पूरी टीम को बधाई दी
कार्यक्रम में मंच पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव, मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, वरिष्ठ अधिकारी प्रवीण सिन्हा, साक्षी सिन्हा, सीपी जालंधर रेंज, जालंधर देहाती के एसएसपी तथा जालंधर के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री मान ने इस अनोखे कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पूरी टीम को बधाई दी।
अपने भाषण में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि जब इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही थी, तब उन्होंने केवल कागजी आंकड़ों और रिकवरी रिपोर्टों पर निर्भर रहने के बजाय सीधे जनता के संपर्क में रहने वाले अधिकारियों से मिलने का फैसला किया।
एसएचओ और डीएसपी स्तर के अधिकारियों के साथ संवाद
मुख्यमंत्री ने कहा कि इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब राज्य के डीजीपी, मुख्य सचिव और शीर्ष पुलिस प्रशासनिक अधिकारी सीधे एसएचओ और डीएसपी स्तर के अधिकारियों के साथ संवाद कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस बल का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि सरकार उन अधिकारियों के साथ मजबूती से खड़ी है जो पूरी ईमानदारी और निडरता से जनता की सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं।







