लुधियाना- लुधियाना के थाना डाबा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बागी स्टैंड इलाके में शनिवार सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई। अज्ञात बाइक सवार बदमाश एक करियाना स्टोर पर पहुंचे और दुकानदार को सफेद रंग का लिफाफा दिया। आरोपियों ने दुकानदार को धमकी दी कि यह पड़ोसियों को दे देना, विरोध करने पर उनका भी यही अंजाम होगा। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। दुकानदार ने जब लिफाफा खोलकर देखा, तो उसके भीतर खून से सना हुआ इंसान का कटा हुआ हाथ मिला। दुकानदार की चीखें सुनकर आसपास के दुकानदार और लोग मौके पर पहुंचे। वीभत्स घटना की खबर फैलते ही इलाके के लोगों में दहशत पैदा हो गई।
सूत्रों के अनुसार, इस वारदात के तार सुबह रेरू साहिब गुरुद्वारा साहिब के पास घटी हिंसक घटना से जुड़े बताए जा रहे हैं। शनिवार सुबह रेरू साहिब के समीप दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हुआ था, जिसमें तेजधार हथियारों के इस्तेमाल की बात सामने आ रही है। हालांकि, अभी घायल युवक लापता है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।







