चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा के स्पेशल सेशन का आज (11 जुलाई) को दूसरा दिन है। आज धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी को लेकर महत्वपूर्ण बिल कर ड्रॉफ्ट सरकार द्वारा पेश किया जाएगा। इसके अलावा, डैमों की सुरक्षा से CISF को हटाने संबंधी 5 बिल पेश किए जाएंगे। सेशन पूरी तरह हंगामेदार रहने के आसार हैं।
विपक्षी दल कानून व्यवस्था, लैंड पूलिंग और नशे के मुद्दे पर ही सरकार को घेरने की तैयारी में हैं। जबकि सीएम भगवंत मान भी साफ कर चुके हैं कि सेशन में विपक्ष वालों को सारा जवाब तारीख वाइस दिया जाएगा। बेअदबी पर कानून सभी पक्षों की सलाह के बाद ही बनाया जाएगा। कानून पास कर कंसल्टेंट कमेटी के पास भेजा जाएगा।
इन बिलों पर लगेगी मोहर
आज विधानसभा सेशन की कार्रवाई ठीक 10 बजे शुरू होगी। इसकी शुरुआत ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के साथ होगी। विधायक करमबीर सिंह घुमन दसूहा बस स्टैंड की खस्ता हालत का मुद्दा उठाएंगे। इसके बाद 5 विभागों की रिपोर्ट पेश की जाएगी।
इस दौरान रयात बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी होशियारपुर, सीजीसी यूनिवर्सिटी मोहाली, पंजाब दुकान और वाणिज्यक प्रतिष्ठान संशोधन विधेयक 2025, पंजाब श्रम कल्याण निधि संशोधन विधेयक 2025, और पशु क्रूरता निवारण पंजाब संशोधन विधेयक 2025 शामिल हैं।








