जालंधर। जालंधर देहाती की पुलिस ने “युद्ध नशों के विरुद्ध” मुहिम के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव बुरज हसन में नशा तस्कर सुरिंदर सिंह उर्फ शिंदा द्वारा पंचायत की जमीन पर कब्जा करके बनाई गई डबल स्टोरी कोठी को खाली करवाकर पंचायत और बीडीपीओ दफ्तर के हवाले कर दिया। जालंधर देहात पुलिस के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने कहा- एएसपी परमिंदर सिंह हीर तथा डीएसपी सरवन सिंह बल की निगरानी में थाना बिलगा की टीम द्वारा की गई।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पलविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव बुरज हसन में 30 मरले पंचायत जमीन पर बने मकान को खाली करवाया। इस जमीन का नशा तस्कर सुरिंदर सिंह उर्फ शिंदा लंबे समय से नशा बेचने के अड्डे के तौर पर इस्तेमाल कर रहा था। मौके पर नायब तहसीलदार नूरमहल की मौजूदगी में पंचायत और बीडीपीओ को जमीन का कब्जा सौंप दिया गया।
आरोपी पर दर्ज हैं 6 एफआईआर-डीएसपी
डीएसपी सरवन सिंह बल ने बताया कि सुरिंदर सिंह उर्फ शिंदा के खिलाफ पहले से नशा तस्करी के 3 और मारपीट के 3 मामले दर्ज हैं। वह लगातार नशे का कारोबार करता आ रहा था। पंजाब सरकार की “युद्ध नशों के विरुद्ध” मुहिम के तहत उसके खिलाफ यह कड़ी कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नशा बेचने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।








