best news portal development company in india

हाईकोर्ट ने विधायक रमन अरोड़ा के भ्रष्टाचार के मामले में फरार चल रहे बेटे राजन अरोड़ा को दी राहत: नहीं होगी गिरफ्तारी, जांच में सहयोग करने को कहा

SHARE:

जालंधर। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने जालंधर सेंट्रल सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक रमन अरोड़ा के भ्रष्टाचार के मामले में फरार चल रहे बेटे राजन अरोड़ा को राहत दी है। कोर्ट ने राजन अरोड़ा की गिरफ्तारी पर 24 सितंबर तक के लिए रोक लगा दी है। यह राहत ऐसे समय में मिली है जब विजिलेंस ब्यूरो ने राजन अरोड़ा के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी कर रखा था, और उसके दुबई में छिपा होने की आशंका थी।

जानकारी के अनुसार हाईकोर्ट ने राजन अरोड़ा को जांच में पूरा सहयोग करने का निर्देश दिया है। कोर्ट के इस आदेश के बाद अब राजन अरोड़ा को जांच में शामिल होना होगा। विजिलेंस जांच में पहले यह बात सामने आई थी कि राजन अरोड़ा गिरफ्तारी से बचने के लिए दुबई में छिपा हुआ था। एलओसी जारी होने के बाद उसकी विदेश से वापसी पर गिरफ्तारी की संभावना बढ़ गई थी, लेकिन अब हाईकोर्ट के आदेश से उसे अस्थायी राहत मिल गई है।

यह घटनाक्रम तब सामने आया है, जब बीते शुक्रवार को विधायक रमन अरोड़ा और उनके समधी राजू मदान की जमानत याचिकाएं अदालत में रद्द कर दी गई थीं। इसके बाद से ही फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विजिलेंस ब्यूरो लगातार छापेमारी कर रही है।

कोर्ट ने रमन अरोड़ा की याचिका की थी खारिज

गौरतलब है कि राजन के विधायक पिता रमन अरोड़ा की जमानत याचिका पहले ही कोर्ट द्वारा खारिज की जा चुकी है, जिससे उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। यह मामला भ्रष्टाचार से जुड़ा है, जिसमें विधायक रमन अरोड़ा और उनके परिवार के सदस्यों पर कथित तौर पर अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों के आरोप लगे हैं। विजिलेंस ब्यूरो इस मामले की गहनता से जांच कर रहा है।

23 मई को गिरफ्तार हुए थे विधायक रमन अरोड़ा

विधायक रमन अरोड़ा को पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने 23 जून को जालंधर से गिरफ्तार किया था। उन्हें भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के एक मामले में पकड़ा गया, जिसमें उन पर सरकारी पद का दुरुपयोग करके अवैध संपत्ति बनाने और अनियमितताओं में शामिल होने के आरोप हैं।

गिरफ्तारी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया और पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया। अब रमन अरोड़ा जेल में बंद हैं। केस मे उनके समधी राजू मदान और बेटे राजन अरोड़ा को भी नामजद किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *