मानसा । पंजाब के युवक की कनाडा में मौत हो गई। युवक कनाडा में नदी में डूब गया। करीब 11 महीने पहले स्टूडेंट वीजा पर कनाडा गया मानसा का युवक जतिन गर्ग की वालीबाल खेलते समय गहरी नदी में डूबने से मौत हो गई। जतिन वालीबाल खेलते समय गेंद उठाते समय इस हादसे का शिकार हुआ। कई दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार स्थानीय पुलिस ने एक सप्ताह बाद जतिन को खोज निकाला। उसका शव घटनास्थल से लगभग 4 किलोमीटर दूर नदी में मिला है। उसका शव भारत लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जब यह दुखद खबर जतिन के माता-पिता तक पहुंची तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। इस घटना से शहर का माहौल गमगीन है और परिवार शोक में डूबा है। जतिन गर्ग कनाडा जाने से पहले गुड़गांव में इंजीनियर की नौकरी करता था। लेकिन बाद में वह पढ़ाई करने के लिए कनाडा चला गया। मृतक जतिन गर्ग के चाचा भूषण मत्ती, बलजीत शर्मा और प्रवीण टोनी शर्मा ने बताया कि जतिन गर्ग इंजीनियर था और 11 महीने पहले स्टूडेंट वीजा पर कनाडा गया था। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के दौरान जतिन गर्ग अपने दोस्तों के साथ वहां ओवरलैंडर पार्क में वालीबॉल खेल रहा था और अचानक बॉल नदी के किनारे पानी में गिर गई। जतिन ने गेंद उठाने की कोशिश की और वह नदी में बह गया।








