जालंधर। जालंधर में अग्निवीर वायु इंटेक 01/2026 के लिए भर्ती रैली का आयोजन 24 अगस्त से 6 सितंबर 2025 तक किया जाएगा। यह भर्ती रैली स्थानीय सरकारी आर्ट्स एंड स्पोर्ट्स कॉलेज में होगी। डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने इस रैली की तैयारियों और सुचारु संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को पुख़्ता प्रबंध सुनिश्चित करने और हरसंभव सहयोग देने के निर्देश जारी किए हैं।
एसडीएम आदमपुर बनाए गए नोडल अधिकारी-डीसी
डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल ने कहा- बेहतर तालमेल और निगरानी के लिए एसडीएम आदमपुर को रैली का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इसके अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि रैली के आयोजन में कोई कमी न रह जाए।
उन्होंने सभी अधिकारियों से तालमेल के साथ कार्य करने और जरूरत के अनुसार पूरी सहायता देने की अपील की। प्रशासन का कहना है कि रैली के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी और अभ्यर्थियों के लिए सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।








