होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर में हुसैनपुर के मॉडल टाउन इलाके में बीत रात को अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने मशहूर समाजसेवी और यूट्यूबर सैम हुसैनपुरी के घर के बाहर फायरिंग की। रात करीब 12:45 बजे दो युवक मोटरसाइकिल पर आए और घर के गेट पर दो राउंड गोलियां चलाने के बाद फरार हो गए। वारदात पास के एक CCTV कैमरे में कैद हुई है। इसमें दोनों आरोपी घटना को अंजाम देकर भागते नजर आ रहे हैं। जानकारी अनुसार, सैम हुसैनपुरी को पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी की तरफ से चेतावनी दी गई थी कि जालंधर की तरह उनके घर पर भी ग्रेनेड हमला किया जाएगा। इस धमकी के बाद हुसैनपुर पुलिस ने उन्हें सुरक्षा के तौर पर दो गनमैन मुहैया कराए थे।

सैम ने पुलिस की सुरक्षा पर उठाए सवाल
सैम का आरोप है कि उन्हें जो दो गनमैन दिए गए हैं, उनमें से एक पुलिसकर्मी की टांग खराब है और वह ड्यूटी सही तरह से नहीं निभा पाता। उन्होंने पंजाब सरकार और पुलिस से मांग की है कि उन्हें फिट और प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मी दिए जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
गोलियों की आवाज से टूटी नींद
सैम ने बताया कि फायरिंग के वक्त वह अपने घर में सो रहे थे। अचानक गोलियों की आवाज सुनकर जब वह बाहर आए तो गेट के पास दो खोखे पड़े थे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मॉडल टाउन पुलिस ने खोखे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जांच तेज, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मॉडल टाउन पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में ले ली है और हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस इस मामले में शहजाद भट्टी के धमकी वाले एंगल को भी जांच में शामिल कर रही है, क्योंकि फायरिंग का तरीका और पहले दी गई चेतावनी में समानता पाई जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस वारदात के पीछे किसी बड़ी गैंग की संलिप्तता हो सकती है, क्योंकि सैम हुसैनपुरी का नाम पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी डॉन के टारगेट लिस्ट में था।








