कपूरथला। पंजाब के कपूरथला के IKG-PTU कैंपस के बाहर छात्र-छात्राओं ने डांडिया खेलने की अनुमति न मिलने पर रातभर धरना प्रदर्शन किया। छात्राओं ने विश्वविद्यालय के डीन स्टूडेंट वेलफेयर पर दुर्व्यवहार का आरोप भी लगाया है। सोमवार देर शाम से शुरू हुआ प्रदर्शन मंगलवार (30 सितंबर) सुबह 5 बजे तक जारी रहा।
छात्रों ने दुर्गा अष्टमी पर पूजा के बाद मंगलवार शाम डांडिया कार्यक्रम के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन से अनुमति मांगी थी। छात्राओं का आरोप है कि प्रशासन ने लड़कों के साथ डांडिया खेलने की अनुमति नहीं दी, जबकि केवल लड़कियों को अनुमति देने की बात कही गई।

मंगलवार को सुबह 5 बजे तक छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया
IKG-PTU कैंपस के बाहर धरने की सूचना मिलने पर साइंस सिटी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी इंचार्ज एएसआई पूरन चंद ने बताया कि छात्र सुबह 5 बजे तक डटे रहे। विश्वविद्यालय अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई हल नहीं निकल सका।
3 अक्टूबर तक कैंपस में छुट्टी घोषित
PTU प्रबंधन ने स्थिति को देखते हुए 3 अक्टूबर तक कैंपस में छुट्टी घोषित कर दी है। अधिकारियों ने छात्रों को बताया कि वे केवल नियमों के आधार पर ही कार्यक्रम की अनुमति दे सकते हैं। प्रदर्शनकारी छात्राओं के अनुसार, प्रशासन लड़के-लड़की में भेदभाव कर रहा है।
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने डीन स्टूडेंट वेलफेयर से लड़कों के साथ डांडिया की अनुमति न देने का कारण पूछा, तो उन्हें होटल बुक करके डांडिया करने की सलाह दी गई।








