चंडीगढ़ । मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 28 अक्तूबर को सीएम आवास में सुबह 10 बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई है। बैठक में शहीदी दिवस को बड़े स्तर पर मनाने के लिए महत्वपूर्ण प्रस्तावों व आनंदपुर साहिब में विशेष विधानसभा सत्र बुलाने को मंजूरी दी जा सकती है। प्रदेश में 24वां जिला बनाने के प्रस्ताव पर भी कैबिनेट की बैठक में चर्चा हो सकती है।
इस समागम के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुख्यमंत्री भगवंत मान आज मुलाकात की। मुख्यमंत्री मान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी पर्व समागम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। दोपहर 12 बजे राष्ट्रपति भवन में सीएम मान राष्ट्रपति से मुलाकात की। पंजाब सरकार की ओर से देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी इस ऐतिहासिक समागम के लिए आमंत्रण भेजा गया है।
ओडिशा व गोवा के मुख्यमंत्रियों को सौंपे आमंत्रण पत्र
ओडिशा के मुख्यमंत्री कार्यालय में हुई बैठक के दौरान मंत्री चीमा ने मुख्यमंत्री माझी को स्मृति समारोहों के महत्व के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। एडवोकेट चीमा ने कहा कि ये आयोजन गुरु साहिब की धार्मिक स्वतंत्रता और मानव अधिकारों की रक्षा के लिए दी गई अद्वितीय कुर्बानी को समर्पित एक राष्ट्रीय श्रद्धांजलि है। मंत्री कटारूचक्क ने अंतरराज्यीय सहयोग की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि यह दौरा उस एकजुट श्रद्धांजलि को समर्पित है जो संपूर्ण देश को गुरु साहिब के प्रति अर्पित करनी चाहिए। मंत्रियों ने मुख्यमंत्री माझी को एक स्मृति चिह्न और साहित्य भेंट किया जिसमें समारोहों के ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य का विस्तृत विवरण दिया गया था।
उधर, गोवा में मंत्री अरोड़ा व खुड्डियां ने गोवा के मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रण पत्र देते हुए पंजाब सरकार की ओर से आयोजित किए जा रहे व्यापक स्मृति समारोहों की शृंखला का उल्लेख किया। उन्होंने सीएम सावंत को बताया कि ये समारोह विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे, जो गुरु जी के जीवन, शिक्षाओं और अद्वितीय बलिदान से संबंधित हैं।








