मोगा। पंजाब के मोगा शहर के चड़ीक रोड बाईपास स्थित एक मेडिकल स्टोर मालिक की निहंग सिंहों ने जमकर पिटाई कर दी। मेडिकल स्टोर मालिक की पिटाई का वीडियो लोगों ने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि निहंग सिंह मेडिकल स्टोर मालिक की बुरी तरह पिटाई कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि मेडिकल स्टोर मालिक तजिंदर सिंह नशे की गोलियां बेचता है। ऐसे में निहंग सिंहों ने उसे पहले भी चेतावनी दी थी, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। वीडियो वायरल होने के बाद मोगा पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मेडिकल स्टोर बंद पाया गया। इसके बाद ड्रग इंस्पेक्टर ने स्टोर को सील कर दिया।
डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक मेडिकल स्टोर के मालिक के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। इसी के आधार पर पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। जब वे पहुंचे तो दुकान बंद पाई गई, जिसके बाद ड्रग इंस्पेक्टर की ओर से दुकान को सील कर दिया गया। पुलिस की ओर से बताया गया कि मेडिकल स्टोर के मालिक के साथ हुई मारपीट के मामले में वायरल वीडियो के आधार पर 4-5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। लोगों से अपील की है कि यदि कहीं नशा बेचा जा रहा हो तो इसकी सूचना पुलिस को दें, खुद कानून हाथ में न लें। पुलिस ने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।








