best news portal development company in india

विजय ज्वेलर लूट कांड : पीड़ित परिवार से मिले राजा वड़िंग : बोले- मान सरकार में लॉ एंड ऑर्डर फेल, हर रोज दिन दहाड़े हो रही वारदातें

SHARE:

जालंधर। जालंधर में गुरुवार को विजय ज्वेलर पर हुई लूट मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भार्गव कैंप पहुंचे हैं। उन्होंने ज्वेलर के परिवार से बात की। वड़िंग ने कहा कि सूबे में हर रोज दिन दहाड़े वारदातें हो रही हैं। पंजाब सरकार लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन करने में फेल रही है।

गुरुवार को घटना वाले दिन भाजपा नेता शीतल अंगुराल ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जालंधर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे। शीतल के बाद अब कांग्रेस के सूबा प्रधान ने परिवार को दिलासा दिया कि उनको न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने पंजाब सरकार से कहा कि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए।

वड़िंग ने कहा कि पंजाब सरकार कानून व्यवस्था के मामले में फेल

कांग्रेस सूबा प्रधान ने कहा कि पंजाब सरकार सूबे में कानून-व्यवस्था को लागू करने में लगातार फेल साबित हो रही है। कभी गैंगवार हो रही है तो कहीं पर दिन दहाड़े कारोबारियों को लूट लिया जा रहा है। ऐसे डर के माहौल में कैसे लोग काम कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि जालंधर पुलिस भी लूट की वारदातों को ट्रेस करने में लगातार फेल साबित हो रही है।

राजा वड़िंग ने कहीं बड़ी बातें…

  • पंजाब में हर रोज हो रही वारदातेंः मुझे राजिंदर बेरी ने इत्लाह दी थी कि किस प्रकार से एक ज्वेलर शॉप पर करोड़ों रुपए की लूट हो गई। मैं तरनतारन था और उप चुनाव में था और वहीं से सीधे आ रहा हूं। पहले मानसा में एक व्यापारी को दुकान में बैठे हुए गोलियां मार दी गईं। आज ही जगरांव में एक कबड्डी प्लेयर की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। यानी तीन दिन में तीन बड़े हादसे हो चुके हैं। यहां पता चला कि कैसे लुटेरे सुबह दुकान खोलते ही 3 लोगों ने पिस्तौल दिखाकर करोड़ों रुपए लूट लिए। ये जालंधर कमिश्नरेट है। अगर यहां ऐसी घटनाएं होंगी तो पंजाब में कहीं भी लूट होना आसान है।
  • पंजाब में हर रोज 4 से 5 मौतें हो रही हैंः पंजाब सरकार को गुंडों पर कोई कंट्रोल नहीं है। कभी-कभी मुझे शक होता है कि पुलिस डकैतों से मिली हुई है। जालंधर में इस तरह दिन दहाड़े घटना होना हैरानी वाली बात है। मुझे पंजाब सरकार पर भी शक है। आज दो दिन हो गए लूट हुए, लेकिन परिवार को कोई इत्लाह नहीं दी जा रही। पुलिस से कुछ नहीं हो रहा। न ही कोई जानकारी दे रही है। मूसेवाला की भी मौत अभी पंजाब को याद है। पंजाब में डेली 4 से 5 मौतें हो रही हैं।
  • लुटेरे न पकड़े तो जालंधर के पीएपी चौक में धरना देंगेः आज में जालंधर में ज्वेलर परिवार से मिलने इसलिए आया हूं कि परिवार को हौसला दे सकूं। अगर दो दिन में लुटेरों को न पकड़ा गया और लूटा गया सामान न लौटाया तो जालंधर में ट्रैफिक जाम कर दिया जाएगा। मैं जालंधर की सीपी को चेतावनी दे रहा हूं कि गुनाहगारों को जल्द पकड़ा जाए। मैं ये भी बता देना चाहता हूं कि जहां भी पंजाब में ऐसी घटना होगी वहां पर राजा वड़िंग पहुंचेगा। यहां आज एमपी चरणजीत चन्नी ने भी आना था, लेकिन उनको दिल्ली में कोई काम आ गया। इसलिए उन्होंने मेरी ड्यूटी लगाई कि तुम वहां पर जाकर आओ।
  • कांग्रेस सरकार ने पंजाब की रौनक लौटाई थीः कांग्रेस सूबा प्रधान राजा वड़िंग ने कहा कि पहले भी पंजाब में ऐसे दिन थे। आतंकवाद के समय भी ऐसी ही घटनाएं होती थीं। दिन दहाड़े लूट होती थी। आतंकवाद के समय पंजाब की रौनक छीन ली गई थी। इसके बाद पंजाब में 1992 में कांग्रेस की सरकार आई। हमारी सरकार ने लॉ एंड ऑर्डर पर काम किया। हमने पंजाब की रौनक को फिर से लौटाया था। अब पंजाब की आप सरकार फिर से उस रौनक को छीन रही है।
  • पंजाब सरकार सोई हुई हैः राजा वड़िंग ने कहा कि लूट होने के पीछे कारण ये है कि पंजाब सरकार सोई हुई है। किकलियों में मशरूफ है और पुलिस का किसी को कोई खौफ नहीं है। यही कारण है कि लूट की वारदातें बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि मैं अभी तरनतारन से लौटकर आया हूं। वहां में बाजारों में घूमकर लोगों से मिल रहा था। मैं देखा कि किसी दुकान पर कुल्हाड़ी है, किसी पर दातर है तो किसी दुकानदार के पास पिस्तौल है। मैंने उनसे पूछा कि ऐसा क्यों है। तो इस पर दुकानदार बोले कि क्या पता कब लुटेरे आ जाएं।
  • मैं नहीं जानता पीएम मोदी क्या कहतेः बिहार इलेक्शन को लेकर PM मोदी के जालंधर के सांसद चरणजीत चन्नी को लेकर किए गए कमेंट पर वड़िंग भड़क गए। उन्होंने कहा कि यार मैं नहीं जानता पीएम मोदी क्या कहते हैं और क्या नहीं कहते। हम उनकी कोई परवाह नहीं करते। हमें तो चिंता अपने पंजाब की है और आज मैं जालंधर में व्यापारी के परिवार से मिलने और जालंधर पुलिस को चेतावनी देने के लिए आया हूं। अगर लुटेरे नहीं पकड़े तो पीएपी चौक पर जाम लगा दिया जाएगा।
महिलाओं ने किया हंगामा, न्याय की मांग।
महिलाओं ने किया हंगामा, न्याय की मांग।

वड़िंग के पहुंचने से पहले महिलाओं का धरना

भार्गव कैंप में विजय ज्वेलर की दुकान में गन पॉइंट पर हुई लूट मामले में महिलाओं ने थाना भार्गव कैंप के बाहर धरना दिया। वहीं, दुकान मालिक का कहना है कि बीते दिन थाना प्रभारी ने 11 बजे उन्हें थाने में आने के लिए बुलाया था और कहा था कि वह आरोपियों को 11 बजे तक गिरफ्तार कर लेंगे। लेकिन जब वह थाने आए तो देखा थाना ही खाली पड़ा हुआ है। थाने का प्रभारी भी थाने में मौजूद नहीं है। लोगों ने पुलिस पर आरोपियों के साथ मिलीभगत के आरोप लगाकर नारेबाजी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई