मोहाली। पंजाब के मोहाली में जीरकपुर-पटियाला हाईवे पर रविवार को दिनदहाड़े एक होटल के सामने फायरिंग की गई। बाइक सवार बदमाश ने होटल मालिक के बेटे पर टारगेट करते हुए 5 राउंड फायरिंग की। होटल मालिक के बेटे ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इस गोलीबारी में दो कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके बाद बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गया। अचानक हुई वारदात से लोगों में अफरातफरी मच गई। तुरंत ही इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। पुलिस को मौके से गोलियों के खोल भी बरामद हुए है। पुलिस के अनुसार, हमले में हरियाणा का एक गैंगस्टर शामिल है। पीड़ित युवक भी उसे जानता है। फिलहाल, पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दिए। बदमाश की घेराबंदी के लिए अन्य थाना क्षेत्रों में भी सूचना फ्लैश की गई है।



जानें पूरा मामला…
- दिनदहाड़े पांच राउंड फायरिंग हुईः गोलीबारी दोपहर सवा एक बजे के करीब हुई। जिस युवक पर गोली चलाई गई, वो हरियाणा के यमुना नगर का रहने वाला एमएम क्राउन होटल के मालिक का बेटा है। उसका नाम गगन बताया गया है। एक कार मालिक ने बताया कि गोली उनकी कार में लगी है। पांच फायर हुए, जिसमें दो कारों को नुकसान हुआ है।
- बाइक पर नहीं थी नंबर प्लेटः कार मालिक ने बताया कि बदमाश मोटरसाइकिल पर आया था। जिस मोटरसाइकिल पर वह आया था, उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। चेहरे पर कपड़ा बांधा हुआ था। आते ही उसने हथियार से ताबड़तोड़ फायरिंग की और फरार हो गया।
- गोलियों के चार खोल बरामद हुए: कार मालिक ने ही 112 नंबर पर कॉल की थी। मौके पर पुलिस पहुंची और चार गोलियों के खोल बरामद किए हैं। पुलिस ने तुरंत ही आसपास के थाना क्षेत्रों को अलर्ट जारी किया कि एक बदमाश फायरिंग करके भागा है, चेक किया जाए। इसके बाद पुलिस ने चेकिंग अभियान भी चलाया, लेकिन बदमाश का पता नहीं चला।
- हरियाणा का मोस्ट वांटेंड गैंगस्टरः पुलिस के मुताबिक इस हमले के पीछे जिस शुभम पंडित का नाम बताया गया है, वह हरियाणा का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर है। उस पर हरियाणा में एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया है। वह मूलरूप से उत्तरप्रदेश के जिला वाराणसी के गांव साधवगंज का रहने वाला है, जबकि मौजूदा समय में थाना गांधीनगर क्षेत्र की बैंक कॉलोनी मकान नंबर 48 रहता है। होटल मालिक के बेटे गगन ने भी पुलिस को बताया कि जिसने गोली चलाई, वो इनामी गैंगस्टर शुभम पंडित है।
- तिहरे हत्याकांड में रहा है शामिलः पुलिस के मुताबिक, बदमाश शुभम पंडित थाना रादौर में गांव खेड़ी लक्खा सिंह में 26 दिसंबर 2024 को हुए तिहरे हत्याकांड में भी वांछित है। मोहाली में हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने शुभम पंडित के पोस्टर को सार्वजनिक स्थानों के अलावा सोशल मीडिया में शेयर कर दिया है, ताकि उसकी जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

फिल्म प्रोड्यूसर धालीवाल के घर पर भी की थी फायरिंग
पुलिस सूत्रों के मुताबिक कुछ समय पहले पंजाबी फिल्म प्रोड्यूसर पिंकी धालीवाल के मोहाली के सेक्टर 71 स्थित घर के बाहर फायरिंग हुई थी। फायरिंग रात के समय हुई थी। इसमें बाइक सवार दो लोग शामिल थे। घर के बाहर रंगदारी के लिए पर्ची भी फेंकी गई थी। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को काबू कर लिया था। पता चला है कि उस फायरिंग में भी शुभम पंडित शामिल था।
एसएचओ सतिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस सारे एंगलों पर काम कर रही है। अभी तक वजह साफ नहीं है कि गोली क्यों चलाई है। हमारी टीमें अलर्ट है। जल्दी ही आरोपी दबोच लिया जाएगा।








