जम्मू। दिल्ली धमाके के तार कश्मीर से जुड़ने के इनपुट मिलने के बाद काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (सीआईके) ने आज सुबह घाटी में 13 जगहों पर छापेमारी की। वहीं, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बुधवार को प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी से जुड़े 300 से अधिक ठिकानों पर व्यापक छापे मारे। यह कार्रवाई अनंतनाग, शोपियां, पुलवामा, बारामुला, सोपोर और बडगाम समेत कश्मीर के अन्य हिस्सों में एक साथ की गई। इस दाैरान जमात से जुड़े सदस्यों व सहयोगियों के घरों और परिसरों को खंगाला गया। कई को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
बारामुला के सोपोर में जमात के 30 से ज्यादा ठिकानों पर छापे मारे गए। सोपोर, जैंगीर और राफियाबाद में तलाशी शुरू की गई। यहां से कई सबूत जांच के लिए उठाए गए हैं। जमात के कई सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अनंतनाग जिले में भी जमात के सदस्यों और उनके सहयोगियों के आवासीय परिसरों व अन्य स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।








