फिरोजपुर पंजाब के फिरोजपुर में RSS नेता के पोते की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। युवक मेन बाजार में अपने बच्चों को स्कूल से लाने जा रहा था। पीछे से अचानक आए 2 बदमाशों ने उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगने के बाद युवक वहीं गिर पड़ा। अस्पताल में ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस हत्या की जिम्मेदारी खालिस्तानी संगठन शेर-ए-पंजाब ब्रिगेड ने ली है। संगठन की ओर से जारी पोस्ट में लिखा गया है कि पंजाब में सिखों को हिंदुत्व में मिलाने वाले हिंदूवादी गिरोह RSS के नेता के बेटे को हमने सुधार दिया है। हम खालिस्तान की स्थापना तक इस जंग को हर हाल में जारी रखेंगे।

इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। पुलिस मामले में टारगेट किलिंग के एंगल से भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी से आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही इन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
संगठन की ओर से जारी पोस्ट में क्या-क्या लिखा…
- खालिस्तान की स्थापना तक जंग जारी रहेगी: इस पोस्ट को RSS नेता के पोते की हत्या के बाद सामने आई पोस्ट में लिखा है- हम खालिस्तान की आजादी के संघर्ष में योगदान देने के लिए शेर-ए-पंजाब ब्रिगेड की स्थापना की घोषणा करते हैं। हम प्रण करते हैं कि हिंदुस्तान के पंजाब पर जबरदस्ती कब्जे के खिलाफ चल रहे धर्मयुद्ध में हम निर्णायक लक्ष्य यानी खालिस्तान की स्थापना तक इस जंग को हर हाल में जारी रखेंगे।
- RSS नेता के बेटे को हमने सुधारा: पोस्ट में आगे लिखा है- इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए हमारी इस जंग में हिंदू सरकार का मोहरा बनकर पंजाब के अंदर सिखों को हिंदुत्व में मिलाने वाले हिंदूवादी गिरोह RSS के नेता बलदेव राज अरोड़ा के बेटे नवीन अरोड़ा को आज फिरोजपुर के मोची बाजार क्षेत्र में सुधारा गया है। वह RSS का सदस्य था।
- सिखों की मौत का जश्न मनाने वाले को कर्मों का फल दिया: आगे लिखा है- बलदेव राज का पूरा परिवार RSS से जुड़ा हुआ है। यह लंबे समय से पंजाब और सिख विरोधी गतिविधियों में शामिल रहा है। यह दुष्ट जून 1984 में दरबार साहिब पर भारतीय फौज के हमले के बाद पंजाब के अंदर सिखों को चिढ़ाने के लिए खुशियां मनाने वाले हिंदू कट्टरपंथी गिरोह में शामिल था। सिखों के निर्दोष बच्चों की मौत पर खुशी मनाने वाले को आज हमने जीते जी उसके किए कर्मों का फल दे दिया है।
- हिंदू सरकार पर हमारे हमले होते रहेंगे: पोस्ट में लिखा है- हम सब को स्पष्ट करते हैं कि जो भी लोग पंजाब में रहकर सिख कौम और हमारी धरती के साथ गद्दारी कर दिल्ली के दलाल बन रहे हैं, उन्हें कभी भी बख्शा नहीं जाएगा। RSS, शिव सेना, पुलिस, मिलिट्री और हिंदू सरकार के एजेंटों पर हमारे हमले होते रहेंगे।
पोस्ट के अंत में संगठन के कमांडर परमजीत सिंह के साइन हैं। इस पोस्ट को संगठन के स्पोकपर्सन बहादुर सिंह संधु की ओर से जारी किया गया है। हालांकि, भास्कर इस पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है।
खालिस्तानी संगठन की ओर से जारी लेटर…

पढ़िए, पूरा मामला…
- गोली लगते ही नीचे गिर गया नवीन: फिरोजपुर के मेन बाजार शनिवार को बदमाशों ने RSS के वरिष्ठ नेता दीना नाथ के पोते नवीन कुमार की को गोली मार दी। आरोपियों ने नवीन को सिर में गोली मारी। गोली लगते ही नवीन तुरंत नीचे गिर गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
- दुकान पर बैठकर बातें कर रहे थे: नवीन के पिता बलदेव अरोड़ा ने बताया कि नवीन दुकान पर बैठा था। मैं भी उसके था। बेटे ने कहा कि पापा मैं अभी आता हूं, बच्चों को स्कूल से लाना है। जैसे ही वह गया तो मुझे 15 मिनट में फोन आया कि आपके बेटे को किसी ने गोली मार दी। नवीन का एक 2 साल बेटा है। वो तो अपने पापा का इंतजार कर रहा है।
- 2 अज्ञात हमलावरों ने की फायरिंग: पुलिस का कहना है कि घटना के समय नवीन अपनी दुकान की तरफ जा रहा था। तभी 2 अज्ञात हमलावर वहां आए। उन्होंने हथियार निकालकर युवक पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली की आवाज सुनकर बाजार में अफरातफरी मच गई। इसके बाद आसपास के लोग नवीन को अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने नवीन को मृत घोषित कर दिया।
- भाजपा नेताओं ने नारेबाजी की: फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार ने अपनी-अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। सभी घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद मौके पर पहुंचे भाजपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नेताओं ने कहा कि पिछले हफ्ते भी यहां फायरिंग की घटना हुई थी।
भाजपा पंजाब प्रधान बोले- आप सरकार की फिर पोल खुली
भाजपा के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ ने मामले में ट्वीट कर कहा कि नवीन की हत्या ने आम आदमी सरकार के राज में कानून व्यवस्था की फिर पोल खोल दी है। AAP समर्थक गैंगस्टर सरकार चला रहे हैं। सीएम भगवंत मान अपनी जिम्मेदारी निभाने में असफल हैं। उन्होंने पंजाब को लावारिस छोड़ दिया। आज पंजाब के लोग दहशत के माहौल में जीने के लिए मजबूर हैं।

नवनीत बिट्टू पोस्ट कर सरकार को घेरा
केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने घटा पर कहा कि पंजाब में अपराध को नियंत्रित करने में विफल होने पर अगर पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया जा रहा है, तो फिर फिरोजपुर में हुई हत्या के लिए कौन जिम्मेदार है? इसके लिए सीएम भगवंत मान भी जवाबदेह है। उन्हें भी इस्तीफा देना चाहिए।

पुलिस CCTV से करेगी आरोपियों की पहचान
सिटी पुलिस ने घटनास्थल की दुकानों में लगे CCTV से फुटेज जुटाई है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर पहचान की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








