नई दिल्ली-देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो के ऑपरेशन में लगातार 5वें दिन शनिवार को सुधार नहीं दिख रहा है। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक देश के 4 बड़े एयरपोर्ट समेत कई शहरों से आज भी इंडिगो की 400 से ज्यादा फ्लाइट कैंसिल की जा चुकी हैं। इसके पहले दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई एयरपोर्ट पर रातभर पैसेंजर परेशान दिखे। पिछले चार दिन में रद्द उड़ानों की संख्या 2,000 से ज्यादा हो गई है। वहीं, रोजाना एवरेज 500 फ्लाइट लेट हो रही हैं।
इधर, इंडिगो संकट के बीच सरकार ने हवाई किराए पर लिमिट लगा दी है। सरकार ने एक निर्देश में कहा कि एयरलाइंस किराए की लिमिट का सख्ती से पालन करें। साथ ही कहा कि हालात नॉर्मल होने तक यह लिमिट बनी रहेगी। सिविल एविएशन मिनिस्टर राम मोहन नायडू ने कहा कि नए FDTL नॉर्म्स 1 नवंबर से लागू हैं, लेकिन किसी अन्य एयरलाइन को दिक्कत नहीं आई, जिससे साफ है कि गलती इंडिगो की है। एयरलाइन की लापरवाही की जांच होगी और एक्शन तय है।

DGCA के वे नए नियम, जिससे इंडिगो में स्टाफ की कमी हुई
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एयलाइंस, खासकर इंडिगो को 10 फरवरी 2026 तक अस्थायी राहत दी है। वीकली रेस्ट के बदले कोई भी छुट्टी नहीं देने के फैसले को वापस ले लिया। DGCA ने 1 नवंबर से पायलटों और बाकी क्रू मेंबर्स के काम से जुड़े नियमों में बदलाव किए थे। इसे फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नाम दिया गया है। इन्हें दो चरणों में लागू किया गया। पहला चरण 1 जुलाई को लागू हुआ। वहीं, 1 नवंबर से दूसरा चरण लागू हुआ। नए नियमों में यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए पायलटों और क्रू को पर्याप्त आराम देने पर जोर दिया गया है। इस कारण इंडिगो के पास पायलट-क्रू मेंबर्स की कमी हो गई है।









