जालंधर- पंजाब के जालंधर बेस्ड मीडिया हाउस, पंजाब केसरी ग्रुप पर स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (PPCB) और लेबर डिपार्टमेंट ने कार्रवाई की है। सरकारी टीमें मीडिया समूह की ओर से संचालित अलग-अलग बिजनेस की जांच के लिए पहुंचीं। PPCB और एक्साइज डिपार्टमेंट ने जालंधर बस स्टैंड के पास बने इस ग्रुप के होटल की बिजली सप्लाई काट दी। इसके अलावा शराब पिलाने का लाइसेंस भी रद्द कर दिया।


स्टाफ का रिकॉर्ड चेक, सीढ़ी लगाकर प्रेस में घुसे
पंजाब केसरी ग्रुप का दावा है कि उस पर बीते 5 दिन में 10 सरकारी एक्शन लिए गए। लेबर डिपार्टमेंट ने 2 दिन पहले पंजाब केसरी ग्रुप के दफ्तर पहुंचकर स्टाफ से जुड़ा रिकॉर्ड चेक किया। पंजाब पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (PPCB) ने जालंधर स्थित उसके होटल का बिजली कनेक्शन यह कहते हुए कटवा दिया कि यहां नियमों का उल्लंघन हो रहा है। होटल सील करने की प्रक्रिया अपनाई गई। यही नहीं, बठिंडा में ग्रुप की प्रिंटिंग प्रेस पर भी रेड मारी गई। यहां गेट पर तैनात कर्मचारी ने जब टीम से प्लांट में घुसने की वजह पूछी तो उसे पीटा गया। गेट नहीं खोलने पर पुलिसवाले सीढ़ियां लगाकर अंदर घुस गए।
एक्साइज महकमे और पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की कार्रवाई
पंजाब सरकार के एक्साइज महकमे का दावा है कि मीडिया समूह की ओर से संचालित होटल में शराब का तय कोटे से ज्यादा यूज किया गया। होटल से एक्सपायरी शराब मिली। हालांकि अभी तक एक्साइज महकमे की ओर से करवाई गई FIR की कॉपी सामने नहीं आई है इसलिए दैनिक भास्कर ऐसे किसी दावे की पुष्टि नहीं करता।
इस बीच मीडिया समूह का कहना है कि जालंधर, लुधियाना और बठिंडा में उसकी प्रिंटिंग इकाइयों पर इंडस्ट्री डिपार्टमेंट और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने रेड मारी। यहां लेबर लॉ और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की जांच की गई।








