फगवाड़ा- आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दलजीत राजू को एक बार फिर गैंगस्टरों की ओर से जान से मारने की धमकी मिली है। गैंगस्टरों ने 6 बार वॉइस मैसेज भेजकर कहा है कि पंजाब पुलिस उन्हें नहीं बचा सकती। चाहे वह मुख्यमंत्री के पास चले जाएं या डीजीपी के पास, कोई भी उन्हें नहीं बचा पाएगा।
दलजीत राजू के परिवार और दोस्तों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने वालों ने कहा कि वे दलजीत राजू को इतना नुकसान पहुंचाएंगे जिसे वह जिंदगी भर याद रखेंगे। मैसेज में यह भी कहा गया है कि अगले 20 दिनों के भीतर उनके परिवार या किसी करीबी दोस्त को निशाना बनाया जा सकता है।
गैंगस्टरों को यह भी जानकारी है कि दलजीत राजू ने पुलिस सुरक्षा ले रखी है, क्योंकि धमकी देने वालों ने अपने मैसेज में कहा है कि वे सुरक्षा के बावजूद दलजीत राजू के परिवार या दोस्तों में से किसी को भी मार सकते हैं। फगवाड़ा के लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों की जुबान पर बस केवल एक ही सवाल है कि जब आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता ही सुरक्षित नहीं तो आम जनता किससे सुरक्षा की उम्मीद रखे?








