best news portal development company in india

17 वर्षीय किशोरी की रहस्यमयी मौत के मामले में बड़ा खुलासा : पोस्टमार्टम में शरीर पर 21 चोटों के निशान,डीसी ने जांच के आदेश दिए थे

SHARE:

जालंधर-  जालंधर के गांधी वनिता आश्रम स्थित चिल्ड्रन होम में रह रही 17 वर्षीय किशोरी की रहस्यमयी मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में किशोरी के शरीर पर कुल 21 चोटों के निशान पाए गए हैं। इनमें 5 जख्म 11 खरोंच और कई गंभीर नीले निशान शामिल हैं।

फिरोजपुर की रहने वाली यह नाबालिग लड़की 19 नवंबर 2025 को चिल्ड्रन होम पहुंची थी। दो दिन बाद, 21 नवंबर की रात, वह आश्रम के बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिली थी। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जालंधर के डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने 23 नवंबर को जांच के आदेश दिए थे। यह जांच एसडीएम जालंधर को सौंपी गई है, जो अभी लंबित है।

मौत के असली कारण के लिए हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट का इंतजार

रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। रासायनिक जांच की रिपोर्ट खरड़ से और हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, अमृतसर से आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो सकेगा। पुलिस के अनुसार, किशोरी के परिजनों की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, जिस कारण एफआईआर दर्ज नहीं की गई। हालांकि, पुलिस ने मामले में बीएनएसएस की धारा 194 (अप्राकृतिक मौत) के तहत कार्रवाई शुरू की है।

चोट के निशान से मौत को लेकर सवाल

डिवीजन नंबर-2 थाने के एसएचओ जसविंदर सिंह ने बताया कि आश्रम प्रशासन ने मौत की सूचना दी थी, लेकिन परिजनों की शिकायत के बिना मामला दर्ज नहीं हो सका। वहीं, जांच अधिकारी एसडीएम शायरी मल्होत्रा ने कहा कि विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही जांच रिपोर्ट सौंप दी जाएगी। पोस्टमॉर्टम में सामने आई चोटों के बाद अब इस मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं, जिनके जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ पाएंगे।

क्या कहती है पोस्टमार्टम रिपोर्ट

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार किशोरी के बाएं आंख, पैर, जांघ, पेट, पीठ, कंधे, बाजू और कमर सहित शरीर के कई हिस्सों पर चोटों के निशान मिले हैं। रिपोर्ट में उंगलियों, पैर और हाथ पर कट के घाव तथा जांघ और पेट के हिस्से में गहरे नीले निशान दर्ज किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई