अमृतसर/जालंधर आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबरॉय की हत्या मामले के मुख्य आरोपी को अमृतसर रूरल पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से .30 बोर पिस्टल बरामद की।
DIG बॉर्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शमिंदर सिंह जालंधर के मिठापुर का रहने वाला है। पहले भी कई अपराधों में शामिल रह चुका है। आरोपी सफेद एक्टिवा पर हत्या करने आए थे। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर खासी क्षेत्र में नाके लगाकर उसे पकड़ने की रणनीति बनाई।
अमृतसर रूरल के SSP सुहैल क़ासिम मीर ने बताया कि आरोपी को मोटरसाइकिल पर आते हुए देखा गया। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया। लेकिन वह घबरा गया और गिर पड़ा। इसके बाद उसने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई। गोली लगने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल ले जाया गया।
प्राथमिक पूछताछ में शमिंदर सिंह ने हत्या में शामिल एक अन्य व्यक्ति की पहचान बताई। इसके आधार पर पुलिस ने बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी और तलाशी अभियान तेज कर दिया है।








