दसूहा- होशियारपुर के दसूहा में जालंधर-जम्मू नेशनल हाईवे पर डबल डेकर टूरिस्ट बस और ट्रक में टक्कर हो गई। जिससे बस के आगे के पहिए निकल गए। साथ ही बस ड्राइवर की दोनों टांगे टूट गईं और केबिन में बुरी तरह फंस गया। कटर से बस की बॉडी काटकर 2 घंटे बाद उसे निकाला जा सका।
हादसा उच्ची बस्सी के पास हुआ। ड्राइवर की पहचान जम्मू के इमराज शरीफ के तौर पर हुई है। सड़क सुरक्षा अधिकारी जसविंदर सिंह ने बताया सड़क सुरक्षा टीम ने मौके पर पहुंच बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
लोगों की पहचान नहीं हो पाई है। ड्राइवर इतना ही बता पाया कि बस जम्मू के धार्मिक स्थलों पर घुमाने के लिए यात्रियों को ले जा रही थी। हादसा तड़के करीब 4 बजे हुआ। सुबह के समय बस में लगभग सभी सवारियां सोई हुई थीं। हादसे में ट्रक ड्राइवर सुरक्षित है।
एक्सीडेंट के बाद बस में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। सड़क सुरक्षा फोर्स ने बताया कि हादसे की सूचना तकड़े लगभग 4 बजे मिली। 4 लोगों गंभीर हालत में दसूहा के अस्पताल में पहुंचाया गया, जबकि कम चोटिल लोग अपने-अपने घरों को लौट गए। बस दिल्ली से जम्मू जा रही थी और इसें करीब 46 यात्री सवार थे।
लकड़ी से लदे ट्रक से भिड़ी बस
जानकारी के अनुसार, बस सामने से आ रहे लकड़ी से लदे एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस हाईवे की रेलिंग पर चढ़ गई और उसके परखच्चे उड़ गए। इस दौरान बस के आगे के पहिए निकलकर दूर पहुंच गए। इस हादसे में बस ड्राइवर की दोनों टांगें टूट गई हैं, जबकि 4 लोग घायल हैं। घायलों को तुरंत दसूहा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
धमाके की आवाज सुन लोग मौके पर पहुंचे
उच्ची बस्सी में जहां हादसा हुआ वहीं पास में आर्मी कैंप है। धमाके की आवाज सुन लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। बस ड्राइवर को कटर की मदद से बस की बॉडी काटकर बाहर निकाला गया।
जम्मू जा रहे दुर्गा दत्त ने बताया कि वह दिल्ली से जम्मू जा रही थी। बस जब दसूहा क्रॉस की तो रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक में टकरा गई। दसूहा पुलिस ने मौके पर पहुंच दुर्घटना के कारणों की जांच की। पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से भाग गया। उसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है।








