बठिंडा- US-इजराइल और ईरान जंग से मिडिल ईस्ट में हालात बिगड़ने लगे हैं, जिसका असर अब पंजाब के लोगों पर भी दिख रहा है। एयरस्पेस बंद होने से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई पंजाबी यात्री फंस गए हैं।
बठिंडा की प्रिंसिपल नीरू गर्ग ने एयरपोर्ट से वीडियो जारी कर बताया कि उनके पास बीपी और शुगर जैसी जरूरी दवाइयां खत्म हो चुकी हैं और हालात लगातार मुश्किल होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने भारत सरकार से मदद की अपील की थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस प्रबंध नहीं हुआ।
नीरू ने बताया कि रात करीब 10 बजे उन्हें एयरपोर्ट से बाहर जाने को कहा गया, लेकिन कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं दिए गए। उन्हें इंडिगो से भी शिकायत है, क्योंकि एयरलाइन ने बाहर अधिकारियों के मिलने की बात कही थी, लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं था। काफी देर इंतजार के बाद उन्होंने होटल तलाश किया, पर सभी होटल भरे हुए थे। अंत में 20 किलोमीटर दूर एक महंगा होटल मिला, जहां उन्होंने रात बिताई।
अब होटल प्रबंधन ने उन्हें कमरा खाली करने को कहा है और उनके पास पैसे भी लगभग खत्म हो चुके हैं। नीरू ने कहा कि उनकी दवाइयां खत्म हो चुकी हैं और कोई कुछ बताने वाला नहीं है। उन्होंने भारत सरकार से जल्द सुरक्षित निकासी की मांग की है।
दुबई में फंसी टीचर ने बताए हालात…
एयरपोर्स से निकाल दिया, कोई हेल्प नहीं मिली: एसएसडी गर्ल्स कॉलेज बठिंडा की प्रिंसीपल नीरू गर्ग ने कहा कि मैंने भारत सरकार से गुहार लगाई थी कि हमारे लिए कोई प्रबंध किया जाए। मैं आपको ताजा हालात बताना चाहती हूं कि कल हमें रात 10 बजे एयरपोर्ट से बाहर निकाल दिया गया। हमें कोई दिशा निर्देश नहीं दिए गए और न ही कोई सहायता मिली।
एयरलाइंस और होटल की समस्या: नीरू गर्ग ने कहा कि हमें सबसे ज्यादा शिकायत इंडिगो एयरलाइंस से है, क्योंकि उन्होंने कहा था कि बाहर उनके अधिकारी मिलेंगे पर वहां कोई नहीं था। हम आधा घंटा बाहर बैठे रहे फिर हमने होटल ढूंढे पर सब भरे हुए थे। 20 किलोमीटर दूर हमें एक बहुत महंगा होटल मिला जहां रात काटी।
दवाइयां खत्म हो गई हैं और सरकारी मदद दी जाए: नीरू गर्ग ने बताया कि अब होटल छोड़ने का समय हो चुका है। हमारे पास पैसे खत्म हो गए हैं और सबसे जरूरी बात कि हमारी बीपी और अन्य दवाइयां भी खत्म हो चुकी हैं। मेरी भारत सरकार से विनती है कि कृपया हमसे संपर्क करें और जल्द से जल्द हमें यहां से सुरक्षित बाहर निकाला जाए।








