best news portal development company in india

लुधियाना में अकाली नेता और भतीजा गिरफ्तार : AAP नेता के घर के बाहर हंगामे का आरोप, अश्लील गाने बजाए, प्रेग्नेंट भाभी से बदसलूकी की

SHARE:

पुलिस ने हरदीप सिंह उर्फ हनी रोशा (बाएं) और उनके भतीजे करण रोशा (दाएं) को गिरफ्तार किया है। - फाइल फोटो

खन्ना/लुधियाना- लुधियाना के कस्बे खन्ना में रविवार को पुलिस ने शिरोमणि अकाली दल (SAD) के नेता हरदीप सिंह उर्फ हनी रोशा और उनके भतीजे करण रोशा को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी नगर कौंसिल चुनाव नतीजों के बाद जश्न के दौरान हुई झड़प के कारण हुई है।

इसके संबंध में चुनाव में हारने वाले आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार प्रदीप कुमार उर्फ सोनू जौहर ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि हनी रोशा जीत का जश्न मनाने शिकायतकर्ता के घर के सामने पहुंचे थे।

इस दौरान उन्होंने घर के सामने पटाखे छुड़ाए, अश्लील गाने चलाए। विरोध करने पर अपने समर्थकों से मारपीट करवाई और गर्भवती भाभी से बदसलूकी की। इस घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं।

सोनू जौहर के घर के बाहर हंगामा हुआ था। - Dainik Bhaskar

सोनू जौहर के घर के बाहर हंगामा हुआ था।

बताया जा रहा है कि हनी रोशा अकाली दल के वरिष्ठ नेता सुखबीर बादल के करीबी हैं। वहीं, शिकायतकर्ता सोनू जौहर को AAP नेता कैबिनेट मंत्री तरूणप्रीत सिंह सौंध के खास हैं।

जानकारी के अनुसार, 29 मई को हनी रोशा ने खन्ना के वार्ड-30 से नगर कौंसिल में पार्षद का चुनाव जीता था। उनके सामने सोनू जौहर खड़े थे, जिन्हें हार का सामना करना पड़ा।

जौहर ने शिकायत में बताया है कि चुनाव जीतने के बाद हनी रोशा अपने परिवार के सदस्यों और बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ अपने वार्ड में जीत का जश्न मना रहे थे। इसी दौरान वे AAP के हारे हुए उम्मीदवार प्रदीप कुमार उर्फ सोनू जौहर के घर के बाहर भी जश्न मनाने लगे।

आरोप- AAP उम्मीदवार के घर के बाहर चलाए अश्लील गाने

शिकायत के मुताबिक, जश्न के दौरान मौजूद लोगों ने पटाखे चलाए और हारे उम्मीदवार के घर के आगे अश्लील गाने चलाए। आरोप है कि जब सोनू जौहर के परिवार के सदस्यों ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ बहस की गई, गाली-गलौज की गई। बाद में घर के अंदर घुसकर हमला किया गया।

गर्भवती भाभी के साथ बदसलूकी और मारपीट के आरोप

सोनू जौहर ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि हनी रोशा और अन्य लोगों ने सोनू जौहर की गर्भवती भाभी के साथ बदसलूकी की। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की।

गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह घटना रिकॉर्ड हुई।
गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह घटना रिकॉर्ड हुई।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुकदमा दर्ज किया

घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। सिटी थाना खन्ना पुलिस ने शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हनी रोशा, उनके बेटे, दो भतीजों और अन्य पारिवारिक सदस्यों समेत 2 दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस ने आज सुबह हनी रोशा और उनके भतीजे करण रोशा को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सिटी थाना SHO सुखविंदरपाल सिंह ने कहा कि प्रदीप कुमार सोनू जौहर ने जो शिकायत दर्ज करवाई है, उसके आधार पर जांच कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

करण रोशा की शादी में सुखबीर बादल ने पहुंचकर आशीर्वाद दिया था। - फाइल फोटो
करण रोशा की शादी में सुखबीर बादल ने पहुंचकर आशीर्वाद दिया था। – फाइल फोटो

करण की शादी में भी आए थे सुखबीर बादल

बता दें कि हनी रोशा की पत्नी तलविंदर कौर रोशा दो बार पार्षद रह चुकी हैं। इस बार भी उन्होंने चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गईं। इस बार हनी रोशा पार्षद बन गए। हनी रोशा के घर सुखबीर बादल भी आते-जाते हैं। करण रोशा की कुछ समय पहले शादी हुई थी। इसमें भी सुखबीर बादल आए थे।

शिकायतकर्ता को मंत्री ने टिकट दिलाया था

वहीं, शिकायतकर्ता प्रदीप कुमार उर्फ सोनू जौहर आम आदमी पार्टी से हैं। उन्हें कैबिनेट मंत्री तरूणप्रीत सिंह सौंध का करीबी माना जाता है। बताया जाता है कि कैबिनेट मंत्री ने ही पहली बार टिकट देकर सोनू जौहर को मैदान में उतारा था

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई