जालंधर– जालंधर के नूरमहल वाइपास पर ट्रैकिफ नाके के दौरान एक पुलिस कर्मी सरेआम रिश्वत लेते कैमरे में कैद हुआ। पुलिस वाला ट्रक चालक को रोककर उससे पैसा ले रहा था जिस पर ये वीडियो ट्रक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। घटना के सामने आने के बाद पुलिस अधिकारी जांच में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए सस्पेंड कर दिया गया है।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि ट्रैफिक नाके पर तैनात पुलिसकर्मी एक ट्रक चालक को रोकता है और उसके दस्तावेजों की मांग करता है। इसी दौरान ड्राइवर पुलिस कर्मी को कुछ पैसे देता है। पैसे लेने के बाद पुलिस कर्मी ने बेरिकेड हटाकर ट्रक को आगे जाने की अनुमति दे दी।
यह पूरी घटना ट्रक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। बाद में ट्रक ड्राइवर ने यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर दी, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया। इस संबंध में जब एसएचओ नूरमहल लाभ सिंह से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि यह मामला अभी उनके ध्यान में नहीं आया है।
DSP बोले-वीडियो की जांच करवाकर कार्रवाई करेंगे
डीएसपी ओंकार सिंह बराड़ ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ट्रैफिक नाकों पर तैनात कर्मचारियों की जिम्मेदारी नियमों का पालन करवाना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि जांच में कोई पुलिस कर्मी लापरवाही या गलत कार्य करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ उचित विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
कर्मचारी को पुलिस लाइन भेजा, विभागीय जांच के आदेश
सोशल मीडिया पर एक ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी का वीडियो वायरल होने के उपरांत, स.हरविंदर सिंह विर्क, पी.पी.एस., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जालंधर ग्रामीण द्वारा मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए गए। संबंधित ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन्स स्थानांतरित कर दिया गया है।
इसके अतिरिक्त, विभागीय जांच के आदेश जारी करते हुए यह जांच लखविंदर सिंह, पी.पी.एस., उप पुलिस अधीक्षक (डिटेक्टिव), जालंधर ग्रामीण को सौंपी गई है। वायरल वीडियो से संबंधित सभी तथ्यों एवं परिस्थितियों की जांच के दौरान गहनता से पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी








