best news portal development company in india

नकोदर में अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर :नाले पर बने पक्के कब्जों पर कार्रवाई,1 किमी ड्रेन सिस्टम की सफाई शुरू

SHARE:

नकोदर-  नकोदर में नगर काउंसिल ने भगवान वाल्मीकि चौक से कपूरथला चौक पुल तक अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत मुख्य मार्ग पर नाले और नालियों पर बने अवैध पक्के रैंप कार्रवाई की गई।

कई दुकानदारों ने सड़क किनारे बने ड्रेन सिस्टम को पूरी तरह बंद कर दिया था। इसके कारण बारिश में जल निकासी न होने से सड़कों पर घंटों पानी जमा रहता था। इससे आम जनता को परेशानी होती थी और इलाका शहर से कट जाता था। अधिकारियों के अनुसार, सड़कों पर पानी जमा होने से पक्की सड़कें तेजी से टूटती थीं, जिससे सरकारी संपत्ति का नुकसान होता था। इस समस्या को रोकने के लिए नवनियुक्त नगर काउंसिल प्रधान प्रदीप शेरपुर की अगुवाई में यह अभियान चलाया गया।

नगर काउंसिल प्रधान प्रदीप शेरपुर और कार्य साधक अफसर रणबीर सिंह के निर्देश पर पिछले हफ्ते शहर में मुनादी करवाई गई थी। कब्जाधारियों की दुकानों के बाहर नोटिस चिपकाकर उन्हें स्वयं कब्जे हटाने की समय-सीमा दी गई थी। इसके बावजूद कुछ दुकानदारों ने अपने रैंप नहीं तोड़े।

बुधवार दोपहर बाद सेनेटरी इंस्पेक्टर राजन सूद सहित नगर काउंसिल की टीम भारी पुलिस बल और जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने उन दुकानदारों के पक्के निर्माणों को ढहा दिया जिन्होंने कब्जे हटाने से इनकार कर दिया था।

अधिकारियों ने बताया कि यह नाला करीब 6 से 6.5 फीट गहरा और 3 से 3.5 फीट चौड़ा है, जिसे मिट्टी से बंद कर दिया गया था। काउंसिल अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पूरे 1 किलोमीटर लंबे ड्रेन सिस्टम को पूरी तरह साफ करवाया जाएगा। नगर काउंसिल की इस कार्रवाई की शहर निवासियों ने सराहना की है।

प्रधान प्रदीप शेरपुर ने कहा कि यह अभियान पूरे शहर की भलाई के लिए है। उन्होंने उन दुकानदारों से तुरंत कब्जे हटाने की अपील की जो अभी भी सहयोग नहीं कर रहे हैं। प्रधान ने चेतावनी दी कि यदि काउंसिल द्वारा थड़े तोड़े गए, तो इसका सारा खर्च संबंधित दुकानदारों से ही वसूला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई