जालंधर– जालंधर की इनकम टैक्स कॉलोनी रोड स्थित क्वालिटी स्वीट बेकरी में अलसुबह चोरी की वारदात हुई। दो चोरों ने दुकान से 2 लाख रुपये से अधिक की नकदी चुरा ली। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। चोर सुबह करीब 4:30 बजे दुकान पर पहुंचे। उन्होंने पहले दुकान के ताले तोड़े और अंदर घुसकर तिजोरी से 2 लाख रुपये से अधिक की नकदी चुरा ली।
हैरानी की बात यह है कि पहली चोरी के लगभग आधे घंटे बाद दोनों चोर दोबारा दुकान में आए और दूसरी जगह रखे 75 हजार रुपये से अधिक की नकदी तथा कुछ दस्तावेज भी चुराकर फरार हो गए।दुकानदार अभिशानत ने बताया कि जब सुबह लेबर दुकान खोलने पहुंची तो उन्होंने ताले टूटे देखे और पाया कि नकदी गायब थी।
एक चोर अंदर और दूसरा बाहर था
उन्होंने बताया कि दो चोरों ने दो बार वारदात को अंजाम दिया; एक चोर बाइक पर इंतजार कर रहा था, जबकि दूसरा दुकान के अंदर जाकर नकदी चुरा रहा था। दुकानदार ने बताया कि यह पैसे दूध की पेमेंट और त्योहारी सीजन के लिए रखे गए थे। घटना की सूचना मिलने पर थाना 6 की एसएचओ राजवंत कौर मौके पर पहुंचीं।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दुकानदार के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। दुकानदार ने अपनी शिकायत में कुल 2 लाख रुपये से अधिक की नकदी चोरी होने की जानकारी दी है।








