हादसे में रेहड़ी लगाने वाले दुकानदार समेत कुल 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार 3 अन्य युवक घायल हो गए। सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया तथा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

अनियंत्रित होकर पेड़ और रेहड़ी से टकराई कार
जानकारी के अनुसार हादसा रविवार दोपहर को लगभग 2:20 बजे हुआ। जालंधर से पठानकोट की ओर जा रही तेज रफ्तार फ्रोंक्स कार (नंबर- JK01BC8358) जैसे ही चोलंग टोल प्लाजा के पास पहुंची तो अचानक ड्राइवर कार पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। पेड़ के ठीक पास ही एक स्थानीय व्यक्ति अपनी रेहड़ी लगाकर खड़ा था, जो कार की चपेट में आ गया।
3 लोगों की मौत, 3 गंभीर घायल
टक्कर इतनी भीषण थी कि रेहड़ी लगाने वाले व्यक्ति और कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुखविंदर सिंह (उम्र 50 वर्ष) निवासी चक शकूर, इखलास कादिर और अनीक अमीन के रूप में हुई है। हादसे में कार सवार तीन अन्य युवक घायल हो गए। घायलों की पहचान उमैर अहमद निवासी श्रीनगर, दानिश और सोहेल के रूप में हुई है।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना दोपहर 2:20 बजे राहगीर ने पुलिस को दी। पुलिस टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को फर्स्ट एड दिया और एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल टांडा में दाखिल करवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सामान कब्जे में लेकर थाना भोगपुर को सौंपा गया
घटनास्थल से बरामद पीड़ितों के सामान को पुलिस ने सुरक्षित एकत्र किया और थाना भोगपुर के सब-इंस्पेक्टर (SI) सुरिंदर सिंह के सुपुर्द कर दिया। सौंपा गए सामान में 7 किट बैग (जिनमें एक लैपटॉप भी शामिल है), 3 पर्स जिनमें 4,400 रुपए नकद और कार्ड्स हैं, 1 हाथ की घड़ी, 2 मोबाइल फोन और 2 मोबाइल चार्जर मिले है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।








