जालंधर- जालंधर में इनोवा ने KIA कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद इनोवा अनियंत्रित होकर बीकानेर स्वीट्स शॉप में जा घुसी। बेकाबू गाड़ी ने दुकान के बाहर खड़ी एक स्कूटी को भी टक्कर मार दी और सीढ़ियों की रेलिंग से टकराने के बाद रुकी। एक्सीडेंट करने वाली इनोवा को आम आदमी पार्टी (AAP) के जालंधर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन लक्की रंधावा यूज करते हैं।
हादसे के समय मिठाई दुकान के मालिक बाहर खड़े थे। गाड़ी को अपनी ओर आता देख उन्होंने दौड़कर जान बचाई, लेकिन वह गिर गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों कारों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दूर तक आवाज सुनाई दी।
हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसमें इनोवा किया को टक्कर मारकर स्कूटी को कुचलते हुए दिख रही है। हादसे की सूचना मिलने पर थाना मॉडल टाउन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल हादसा किस वजह से हुआ और गलती किस ड्राइवर की थी, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

मॉडल टाउन के पास बीकानेर स्वीट्स के बाहर एक्सीडेंट का CCTV।

अब विस्तार से पढ़ें क्या-क्या हुआ…
- बीकानेर स्वीट्स मालिक को लगी चोट: बीकानेर स्वीट्स के मालिक की पहचान अक्खी सिंह के रूप में हुई है। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अक्खी सिंह के बेटे पंकज ने बताया कि उनके पिता सुबह दुकान की बेसमेंट से बाहर आए थे।
- इनोवा और किया कार की आपस में टक्कर: दुकान पर दूध उतरवा रहे थे। इसी दौरान इनोवा और किया कार की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद इनोवा अनियंत्रित होकर उनके पिता से जा टकराई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
- ट्रस्ट चेयरमैन यूज करते हैं गाड़ी: हादसे में शामिल इनोवा का इस्तेमाल जालंधर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन लक्की रंधावा करते हैं। हादसे के समय गाड़ी में ड्राइवर मौजूद था। लक्की रंधावा खुद गाड़ी में नहीं थे। स्वीट शॉप के मालिक ने बताया कि वह बेसमेंट से बाहर आ रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी ओर गाड़ी आते देखी तो दौड़कर खुद को बचाया।
- दूसरी तरफ से आ रही कार काफी तेज रफ्तार में थी: इनोवा ड्राइवर ने बताया कि वह हनुमान चालीसा के पाठ को लेकर कार्ड बांटने जा रहे थे। इस दौरान दूसरी तरफ से आ रही कार काफी तेज रफ्तार में थी। उसमें दो युवक सवार थे। हालांकि, हादसा कैसे हुआ यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

- इनोवा पर लिखा है- गवर्नमेंट ऑफ पंजाब: एक्सीडेंट के दौरान दुकान में घुसी इनोवा पर गवर्नमेंट ऑफ पंजाब लिखा है। आगे काली झंडी भी लगी हुई है। इनोवा का नंबर PB 08-EM0171 है। टूटी हुई स्कूटी का नंबर PB 08-BJ 6609 है। किसका क्या नुकसान हुआ है, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।
- किया ड्राइवर बोला- इन्होंने अचानक से मोड़ दी गाड़ी: किया के ड्राइवर ने कहा कि मेरा नाम अरमान है। मैं लांबड़ा का रहने वाला हूं। वह मेन रोड पर थे। इन्होंने अचानक इनोवा मोड़ दी, जिससे एक्सीडेंट हो गया। हादसे के बाद किसी ने मेरी गाड़ी का बैक शीशा भी तोड़ दिया।
- हादसे के बाद इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट की झंडी उतारी: किया गाड़ी सवार पंकज ने दावा किया कि हादसे में इनोवा कार ड्राइवर की गलती थी। उनका आरोप है कि कार इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन का ड्राइवर चला रहा था। हादसे के बाद कार के अंदर ड्राइवर की वर्दी भी मिली, जबकि कार पर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट की झंडी लगी थी, जिसे बाद में उतार दिया गया।

पुलिस को शिकायत दी, कार्रवाई नहीं
परिवार का आरोप है कि हादसे की सूचना संबंधित थाने की पुलिस को दी गई, लेकिन अभी तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। परिवार ने पुलिस से मांग की है कि उनके बयान दर्ज कर मामले की जांच करते हुए आरोपी के खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई की जाए।








