जाम के हालात देख लोग आधे रास्ते से ही डिवाइडर से लेन रोड क्रॉस कर अपने घर वापस लौट रहे हैं। दलित समाज ने लुधियाना बंद का भी ऐलान किया है। हालांकि शहर में बाजार खुले रहे। जिसके बाद प्रदर्शनकारी अब दुकानों को बंद कराने पहुंच गए हैं।
वहीं जालंधर बाईपास चौक पर दलित समाज के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने यहां से आने-जाने वाले सभी रास्ते बैरिकेड लगाकर बंद कर दिए हैं।

लुधियाना में माता रानी चौक पर प्रदर्शनकारी दुकानें बंद करवा रहे हैं।


मंगलवार (8 सितंबर) को शरारती तत्वों ने जूतों की माला से डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का अपमान किया था। जिसके बाद रात को साढ़े 3 घंटे तक माहौल तनावपूर्ण रहा। तब पुलिस ने FIR दर्ज की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, उनका विरोध जारी रहेगा। इस बीच आज सुबह दलित समाज के लोगों ने प्रतिमा का दूध से अभिषेक किया। पुलिस ने मूर्ति के आसपास सीसीटीवी कैमरे भी लगवा दिए हैं ताकि फिर कोई ऐसी हरकत न कर सके।

हाईवे बंद तो अमृतसर-जालंधर से पटियाला-दिल्ली का रूट क्या
- लुधियाना में जालंधर बाईपास चौक पर हाईवे जाम होने की वजह से जालंधर से आने वाले ट्रैफिक को लाडोवाल बाईपास की तरफ से साउथ सिटी की तरफ मोड़ दिया गया है। ये ट्रैफिक लुधियाना की फिरोजपुर रोड स्थित वेरका चौक से होते हुए साउदर्न बाईपास के जरिए पटियाला-दिल्ली की तरफ जा रहा है।
- दिल्ली की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को भी दोराहा से साउदर्न बाईपास के जरिए लाडोवाल बाईपास से होते हुए सीधे टोल प्लाजा पर निकाला जा रहा है। इसके अलावा जगराओं से होते हुए नकोदर के रास्ते जालंधर पहुंच सकते हैं।








