best news portal development company in india

दिल्ली एयरपोर्ट पर 3 घंटे रोके गए CM मान : AAP का दावा- 50 हजार का चालान भी कटा

SHARE:

नई दिल्ली– आम आदमी पार्टी (AAP) ने मंगलवार को दावा किया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को दिल्ली एयरपोर्ट पर तीन घंटे रोका गया। AAP के मुताबिक, पेरिस से लौटने के बाद अधिकारियों ने मान का 50 हजार रुपए का चालान भी काटा। अधिकारियों ने इसके पीछे ऊपर से बहुत दबाव होने की बात कही।

पार्टी ने यह नहीं बताया कि मान को क्यों रोका गया और चालान किस वजह से काटा गया। पंजाब AAP के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने इस घटना को केंद्र की ओर से मान की विदेश यात्राओं की अनुमति बार-बार रोकने से जोड़ा।

मान पेरिस में 17 से 21 अक्टूबर तक चल रहे अंतरराष्ट्रीय फूड ट्रेड एग्जिबिशन SIAL पेरिस 2026 में शामिल हुए थे। वे पंजाब सरकार की उस याचिका पर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की अनुमति के बाद पेरिस गए थे, जिसमें केंद्र के मनमाने फैसले को चुनौती दी गई थी।

आप पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने X पर वीडियो पोस्ट कर कहा कि अधिकारियों ने शुरू में सामान आने या जांच में देरी का हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि जब मान का सामान उनकी गाड़ी में लोड होने के बाद वह जाने वाले थे, तो अधिकारियों ने यह कहते हुए चालान जारी कर दिया कि वे “ऊपर से भारी दबाव” में हैं।

AAP का आरोप- मान को पेरिस में प्रोटोकॉल नहीं मिला

AAP नेता बलतेज पन्नू ने केंद्र सरकार पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मान पंजाब के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ावा देने के लिए पेरिस में आयोजित SIAL फूड ट्रेड एग्जिबिशन में शामिल हुए थे। पन्नू के मुताबिक, हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद पेरिस में भारतीय कॉन्सुल जनरल मान से मिलने नहीं आए।

केंद्र पर पंजाब के फंड रोकने का आरोप

पन्नू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर पंजाब के विकास में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र ने किसानों को दिल्ली की सीमाओं पर डेढ़ साल तक रोके रखा, पंजाब की जायज रकम रोकी और मुख्यमंत्री की विदेश यात्राओं की अनुमति कम से कम 4 बार नहीं दी। AAP नेता ने आरोप लगाया कि केंद्र को डर है कि विदेश यात्राओं से पंजाब में निवेश आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *